श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर नगर निगम ने कसी कमर, मंदिरों में रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त ने जारी किए निर्देश

0

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर नगर निगम ने कसी कमर, मंदिरों में रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं
साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त ने जारी किए निर्देश
कटनी।। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 4 सितंबर 2026 को शाम 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक श्री सत्यनारायण मंदिर सहित शहर के विभिन्न श्रीकृष्ण मंदिरों में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को देखते हुए निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर आईएएस ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश जारी किए हैं।
निगमायुक्त द्वारा जारी आदेश के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख मंदिरों के आसपास सड़क एवं गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। श्री सत्यनारायण मंदिर, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, गोविंद देव जी मंदिर, मधई मंदिर सहित अन्य मंदिरों के आसपास व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह एवं संबंधित क्षेत्रीय उपयंत्रियों को सौंपी गई है।
जन्माष्टमी पर्व के दौरान मंदिरों एवं आयोजन स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई व्यवस्था रहेगी। आयोजन एवं मंदिर समितियों से समन्वय कर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक स्थलों की सतत निगरानी के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
पर्याप्त प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था
श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए आयोजन वाले मंदिरों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा के साथ सहायक यंत्री आदेश जैन एवं मोना करेरा को दी गई है।
वहीं, मंदिर एवं आयोजन समितियों के समन्वय से कार्यक्रम स्थलों पर शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सहायक यंत्री मृदुल श्रीवास्तव एवं उनकी टीम को सौंपी गई है।
थाना कोतवाली में तैनात रहेगा अग्निशमन वाहन
पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 4 सितंबर को शाम 4 बजे से थाना कोतवाली में एक अग्निशमन वाहन उपलब्ध रहेगा। यह व्यवस्था पुलिस अधीक्षक, कटनी के पत्र के अनुरूप सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए प्रभारी फायर नियंत्रण अधिकारी मृदुल श्रीवास्तव एवं प्रभारी सहायक फायर नियंत्रण अधिकारी शैलेन्द्र दुबे को निर्देशित किया गया है। निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed