वार्ड क्रमांक 41 में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील उप निर्वाचन कार्यक्रम जारी होते ही लागू हुई आचार संहिता, निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों को दिए कड़ाई से पालन के निर्देश

0

वार्ड क्रमांक 41 में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील
उप निर्वाचन कार्यक्रम जारी होते ही लागू हुई आचार संहिता, निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों को दिए कड़ाई से पालन के निर्देश
कटनी।। नगर पालिक निगम कटनी के वार्ड क्रमांक 41 आचार्य कृपलानी वार्ड में रिक्त पार्षद पद के लिए होने वाले उप निर्वाचन 2026 को लेकर आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल द्वारा उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्ध) के लिए निर्वाचन कार्यक्रम जारी किए जाने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 31 अगस्त 2026 को जारी किए गए निर्वाचन कार्यक्रम तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश के क्रम में नगर निगम आयुक्त हरसिमरनप्रीत कौर, आईएएस ने वार्ड क्रमांक 41 के निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार वार्ड क्रमांक 41 आचार्य कृपलानी वार्ड के निर्वाचन क्षेत्र में लागू आदर्श आचरण संहिता निर्वाचन परिणाम की घोषणा, 3 अक्टूबर 2026, शनिवार तक प्रभावशील रहेगी। इस अवधि के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन संबंधित विभागों और अधिकारियों को अनिवार्य रूप से करना होगा।
निगमायुक्त द्वारा जारी आदेश के माध्यम से नगर निगम के उपायुक्त, कार्यपालन यंत्री, विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, जल प्रदाय विभाग, स्वास्थ्य अधिकारी, लेखा अधिकारी, कार्यालय अधीक्षक, राजस्व अधिकारी, निर्वाचन शाखा प्रभारी, मुख्य स्टोर प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को आदर्श आचरण संहिता के प्रावधानों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम प्रशासन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि निर्वाचन अवधि के दौरान ऐसे किसी भी कार्य से बचा जाए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता प्रभावित हो। सभी विभाग राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन अवधि में आदर्श आचरण संहिता के प्रत्येक प्रावधान का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
वार्ड क्रमांक 41 में होने वाले उप निर्वाचन को देखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं और निर्देशों के पालन के लिए सतर्क कर दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन अवधि में आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed