जन्माष्टमी पर कटनी में ट्रैफिक का मेगा प्लान, घर से निकलने से पहले जरूर पढ़ें यह खबर सत्यनारायण मंदिर में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, 4 सितंबर शाम 4 बजे से भारी वाहनों की एंट्री बंद, अलग-अलग दिशाओं से आने वालों के लिए तय किए पार्किंग स्थल और मार्ग
जन्माष्टमी पर कटनी में ट्रैफिक का मेगा प्लान, घर से निकलने से पहले जरूर पढ़ें यह खबर
सत्यनारायण मंदिर में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, 4 सितंबर शाम 4 बजे से भारी वाहनों की एंट्री बंद, अलग-अलग दिशाओं से आने वालों के लिए तय किए पार्किंग स्थल और मार्ग
कटनी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सत्यनारायण मंदिर में होने वाले महोत्सव को लेकर जिला पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक ट्रैफिक एवं सुरक्षा प्लान तैयार किया है। 4 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक सत्यनारायण मंदिर की ओर कमर्शियल एवं भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
जन्माष्टमी पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वाहन मंदिर तक ले जाने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े कर पैदल मंदिर पहुंचें।

किस रास्ते से आएं और कहां पार्क करें
दुर्गा चौक से आने वाले श्रद्धालु
दुर्गा चौक की ओर से सत्यनारायण मंदिर आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन:➡ गोपाल फिलिंग के सामने
➡ माई नदी के पास निर्धारित पार्किंग में खड़े कर सकेंगे। इसके बाद मंदिर तक पैदल पहुंचना होगा।
वहीं शहर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए रबड़ फैक्ट्री रोड → प्लेटफॉर्म नंबर-05 → शहर मार्ग निर्धारित किया गया है।
गर्ग चौराहा से आने वाले दोपहिया वाहन
गर्ग चौराहा से मंदिर की ओर आने वाले दोपहिया वाहन चालक खिरहनी ब्रिज के ऊपर बाईं तरफ निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा कर सकेंगे।
वाहन पार्क करें → पैदल मंदिर जाएं → दर्शन के बाद वापस आएं → वाहन लेकर गर्ग चौराहा की ओर जाएं। चार पहिया एवं अन्य वाहनों के लिए निषाद स्कूल की निर्धारित पार्किंग का उपयोग करना होगा।
खिरहनी ब्रिज के नीचे से आने वाले वाहन
खिरहनी ब्रिज के नीचे से सत्यनारायण मंदिर की ओर आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन निषाद स्कूल पार्किंग में खड़ा करें। यहां वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर तक पैदल जाना होगा। स्थानीय लोगों के लिए रास्ता खुला रहेगा सत्यनारायण मंदिर के आसपास रहने वाले स्थानीय नागरिकों के लिए खिरहनी ब्रिज से आवागमन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। हालांकि पुलिस ने स्थानीय रहवासियों से अपील की है कि वे आवागमन के दौरान आधार कार्ड अथवा अन्य निवास संबंधी प्रमाण-पत्र साथ रखें। आवश्यकता पड़ने पर इससे स्थानीय निवासी होने की पुष्टि की जा सकेगी।
शाम 4 बजे के बाद इन वाहनों की ‘नो एंट्री’
4 सितंबर को शाम 4 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक सत्यनारायण मंदिर की ओर आने-जाने वाले कमर्शियल एवं भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रतिबंध के दायरे में शामिल हैं,लोडर,पिकअप, एलपीटी,ट्रैक्टर,अन्य कमर्शियल वाहन नो-एंट्री में छूट प्राप्त भारी वाहन,भारी वाहन चालक समय से पहले अपना वैकल्पिक मार्ग तय कर लें।
मंदिर क्षेत्र में रहेगी ‘तीसरी आंख’ की नजर
जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख मार्गों, चौराहों, पार्किंग स्थलों एवं यातायात प्वाइंटों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। पुलिस कंट्रोल रूम और निगरानी टीम भीड़ का दबाव, यातायात की स्थिति, पार्किंग व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों और यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखेगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सड़क को पार्किंग न बनाएं, वरना जाम में फंस सकता है शहर
जिला पुलिस ने श्रद्धालुओं से स्पष्ट अपील की है कि निर्धारित पार्किंग स्थल के अलावा सड़क पर वाहन खड़ा न करें। मंदिर के आसपास नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से बचें। वाहन इस तरह पार्क करें कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों को रास्ता मिल सके।
पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड, डायवर्जन और दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी के लिए आवश्यक होगा।
भीड़ बढ़ी तो बदल सकता है रूट
जन्माष्टमी के दौरान यदि किसी मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या अथवा यातायात का दबाव अधिक बढ़ता है तो पुलिस तत्कालीन आवश्यकता के अनुसार यातायात मार्ग में बदलाव या डायवर्जन कर सकती है।,इसलिए वाहन चालक मौके पर मौजूद यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और किसी भी वैकल्पिक मार्ग को लेकर बहस करने के बजाय व्यवस्था में सहयोग करें। जिला पुलिस कटनी की ओर से समस्त श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं।