सीवर लाइन कार्यों की धीमी गति पर भड़कीं निगमायुक्त, 7 दिन में रेस्टोरेशन पूरा करने का अल्टीमेटम
सीवर लाइन कार्यों की धीमी गति पर भड़कीं निगमायुक्त, 7 दिन में रेस्टोरेशन पूरा करने का अल्टीमेटम
कटनी। शहर में अमृत योजना के तहत बिछाई जा रही सीवर लाइन के कार्यों में लापरवाही पर नगर निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सुबह निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अधिकारियों के दल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य की सुस्त चाल पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्माण एजेंसी को 7 दिन के भीतर शेष कार्य और सड़क रेस्टोरेशन अनिवार्य रूप से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
*त्योहारों में बाधित न हो आवागमन*
निगमायुक्त ने साउथ स्टेशन रोड पर लक्ष्मी पान भंडार से रंगनाथ थाना क्षेत्र तक चल रहे कार्यों का जायजा लिया और एजेंसी को कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी। कलेक्ट्रेट से मित्तल मॉल मार्ग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी पर्वों को देखते हुए सड़कों को हर हाल में मोटरेबल (चलने योग्य) रखा जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को जाम व गड्ढों से जूझना न पड़े।
पाइपलाइन डलते ही तुरंत सुधरेगी सड़क
आदर्श कॉलोनी, धर्मलोक हॉस्पिटल से गर्ग चौराहा और दुबे कॉलोनी में निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जैसे ही सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा हो, गुणवत्ता के साथ तुरंत सड़क की मरम्मत शुरू की जाए।
कचरा वाहन खुला मिलने पर जताई नाराजगी
दौरे के दौरान दुबे कॉलोनी में कचरा संग्रहण वाहन ढका न मिलने पर निगमायुक्त ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने घर-घर से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग लेने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री मृदुल श्रीवास्तव, पीआईयू के सौरभ नौगजा सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।