दिसंबर तक तैयार होगा बिलहरी-कैमोरी-स्लीमनाबाद मार्ग का अहम पुल कलेक्टर आशीष तिवारी ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और समय-सीमा में काम पूरा कराने के निर्देश

0

दिसंबर तक तैयार होगा बिलहरी-कैमोरी-स्लीमनाबाद मार्ग का अहम पुल
कलेक्टर आशीष तिवारी ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और समय-सीमा में काम पूरा कराने के निर्देश


कटनी।। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर प्रशासन ने मैदानी निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को बिलहरी-कैमोरी-स्लीमनाबाद मार्ग पर कटनी नदी और बहुड़ा नदी के संगम पर निर्माणाधीन महत्वपूर्ण पुल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को दिसंबर माह के अंत तक हर हाल में पुल का निर्माण पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से बनाए जा रहे इस पुल के पूर्ण होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रभावित होने वाले आवागमन की समस्या को देखते हुए इस पुल को क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुल निर्माण पूरा होने के बाद निटर्रा, बांधा इमलाज, हथकुरी, घुघरा, खरखरी, नैगवां, पिपरिया परौहा, बड़खेरा सहित आसपास के अनेक गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में बारिश के दौरान नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुल के निर्माण से यह समस्या काफी हद तक दूर होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान प्रगति, शेष निर्माण और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए और गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने निर्माण में निर्धारित तकनीकी मापदंडों और गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ आम जनता को समय पर और लंबे समय तक मिले। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मजबूती और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
दर्जनों गांवों के लिए बनेगा लाइफलाइन कनेक्टिविटी
कटनी नदी और बहुड़ा नदी के संगम पर बन रहा यह पुल केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की बारहमासी कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। पुल तैयार होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के महाप्रबंधक प्रभात जैन, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, पर्यावरणविद् निर्भय सिंह सहित संबंधित अधिकारी और स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed