वर्षी मेले की तैयारियों को लेकर महापौर ने किया स्थल निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश

0

वर्षी मेले की तैयारियों को लेकर महापौर ने किया स्थल निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश
कटनी।। आगामी वर्षी मेले के आयोजन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मेला स्थल का निरीक्षण किया और आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महापौर श्रीमती सूरी ने मेला स्थल का भ्रमण कर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन, यातायात प्रबंधन सहित श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक नागरिक सुविधाओं की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि वर्षी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी आवश्यक है। महापौर ने मेला स्थल की साफ-सफाई बनाए रखने के साथ ही पेयजल, प्रकाश एवं आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि मेले के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने वर्षी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से भी नगर निगम द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त प्रियंका झरिया, एमआईसी , एल्डरमैन सहित मेला समिति के सदस्य एवं नगर निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed