शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों का सम्मान, वीर जवानों की शहादत को किया नमन सेवा संकल्प अभियान के तहत बड़वारा में आयोजित हुआ गरिमामय समारोह, सांसद हिमाद्री सिंह व विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह रहे मौजूद
शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों का सम्मान, वीर जवानों की शहादत को किया नमन
सेवा संकल्प अभियान के तहत बड़वारा में आयोजित हुआ गरिमामय समारोह, सांसद हिमाद्री सिंह व विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह रहे मौजूद
कटनी/बड़वारा। सेवा संकल्प अभियान के तहत बड़वारा में शहीद सैनिकों के परिजनों एवं सेवानिवृत्त सैनिकों के सम्मान में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों की शहादत को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। शहीद परिवारों के सम्मान के दौरान माहौल भावुक हो उठा और उपस्थित लोगों ने वीर सपूतों के बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।
समारोह में शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, सांसद प्रतिनिधि पद्ममेश गौतम सहित पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष, पूर्व सैनिक, शहीद सैनिकों के परिजन, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सैनिकों का त्याग राष्ट्र के लिए सर्वोच्च प्रेरणा
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक अपने परिवार के साथ पूरे राष्ट्र की सुरक्षा का दायित्व निभाते हैं। उनके साहस, त्याग और समर्पण के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर पाते हैं। शहीद सैनिकों का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता और उनके परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्त सैनिकों ने भी अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष राष्ट्रसेवा में समर्पित किए हैं। उनका अनुशासन, अनुभव और देश के प्रति समर्पण युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
राष्ट्रसेवा और सैनिक कल्याण को प्राथमिकता
कार्यक्रम में केंद्र सरकार द्वारा सैनिकों के सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता दिए जाने का उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सैनिकों का मनोबल बढ़ाने, उनकी सुविधाओं के विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सेना को परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी निर्णय लेने की स्वतंत्रता मिलने से जवानों का आत्मविश्वास भी मजबूत हुआ है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सेवा, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। समारोह के अंत में उपस्थित नागरिकों ने शहीदों की वीरता को नमन करते हुए शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान व कृतज्ञता व्यक्त की।