हादसों का एनएच-43: घर में घुसा अनियंत्रित ट्रेलर, आधा दर्जन से अधिक बकरियों की मौत; स्कॉर्पियो की टक्कर से मजदूर की मौत

0

शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर गुरुवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में कोयले से लोड अनियंत्रित ट्रेलर घर में घुसकर पलट गया। घटना में घर का गृहस्थी का सामान क्षतिग्रस्त हो गया और घर में बंधी आधा दर्जन से अधिक बकरियों की दबने से मौत हो गई। दूसरी घटना ग्राम बटुरा के पास हुई, जहां सोहागपुर एरिया के रामपुर बटूरा उपक्षेत्र में पदस्थ उपक्षेत्रीय प्रबंधक संदीप शर्मा की स्कॉर्पियो और दोपहिया वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार मजदूर प्रेमलाल बैगा की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाएं अमलाई थाना क्षेत्र की बताई गई हैं। सूचना मिलते ही अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात सुचारू कराया।

घर में घुसकर पलटा ट्रेलर, आधा दर्जन से अधिक बकरियों की मौत

पहली घटना नगर परिषद बकहो के वार्ड क्रमांक-05 की है। यहां कोयले से लोड ट्रेलर क्रमांक MP 17 Z 3470 का टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया और हाईवे किनारे स्थित राधेश्याम कोल के घर में घुसकर पलट गया। ट्रेलर की चपेट में आने से घर का गृहस्थी का सामान टूट गया। वहीं, घर में बंधी आधा दर्जन से अधिक बकरियों की दबने से मौत हो गई।

राधेश्याम कोल ने बताया कि दशहरे के कारण घर पर मेहमान आए हुए थे। परिवार के सभी सदस्य आंगन में एक साथ बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रेलर घर के दूसरे कमरे में जा घुसा। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य इसकी चपेट में आने से बच गए, लेकिन हादसे में उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर, मजदूर की मौके पर मौत

दूसरी घटना ग्राम बटुरा के पास हुई। यहां स्कॉर्पियो और दोपहिया वाहन की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार प्रेमलाल बैगा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक   प्रेमलाल बेग पिता भुरू बैगा बताया गया है। वह नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक-03 का निवासी था।

स्कॉर्पियो में सोहागपुर एरिया के रामपुर बटूरा उपक्षेत्रीय प्रबंधक संदीप शर्मा सवार थे। जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद वे मौके पर ही मौजूद रहे। मृतक के शव को अस्पताल भिजवाने के बाद पुलिस के कहने पर वहां से रवाना हुए। शव को पोस्टमार्टम के लिए धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए बाधित मुख्य मार्ग पर यातायात बहाल कराया। दोनों हादसों के संबंध में पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed