रेडक्रॉस सोसायटी को सशक्त बनाने सदस्यता अभियान और स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर कलेक्टर विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में हुई बैठक, रक्तदान-अंगदान के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष चर्चा

0

 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की बैठक बुधवार, 29 अक्टूबर को कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी को सशक्त बनाने, सदस्यता अभियान चलाने, स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा रक्तदान और अंगदान के प्रति आमजन को प्रेरित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

 

बैठक में अधिक से अधिक लोगों को रेडक्रॉस सोसायटी से जोड़ने के लिए विशेष सदस्यता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। साथ ही जिला रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यालय संचालन के लिए उपयुक्त भवन चिन्हित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

 

नुक्कड़ नाटकों से बढ़ेगी स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता

 

रक्तदान एवं अंगदान के महत्व तथा रेडक्रॉस सोसायटी की सेवाभावी गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए शासकीय आयोजनों में रेडक्रॉस के बैनर तले नुक्कड़ नाटक और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा हुई। इसके माध्यम से लोगों को मानव सेवा, सामाजिक सहभागिता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करने की पहल की जाएगी।

 

दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में लगेंगे स्वास्थ्य जागरूकता शिविर

 

बैठक में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता का विस्तार करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इसके लिए रेडक्रॉस की मोबाइल मेडिकल यूनिट एवं एम्बुलेंस के माध्यम से प्रतिमाह स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता शिविर आयोजित करने के संबंध में चर्चा की गई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें जागरूक बनाने में मदद मिलेगी।

 

इसके अलावा रेडक्रॉस सोसायटी के आजीवन संरक्षक सदस्यों एवं प्रमुख दानदाताओं की फोटोयुक्त नामावली प्रदर्शित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया, ताकि समाजसेवा में योगदान देने वाले लोगों को सम्मान और पहचान मिल सके।

 

वयोवृद्ध सदस्य ने लिया अंगदान का संकल्प

 

बैठक के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के वयोवृद्ध सदस्य सत्यप्रकाश फरमानिया ने अंगदान का संकल्प फॉर्म प्रस्तुत कर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उनका यह कदम अंगदान के महत्व और जरूरतमंद लोगों को नया जीवन देने की भावना का प्रेरक उदाहरण बना।

 

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा समिति के सदस्य संजय गुप्ता, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, इमरान सिद्दीकी सहित रेडक्रॉस सोसायटी के सभी सदस्य मौजूद थे।

 

बैठक में लिए गए विचार-विमर्श का प्रमुख उद्देश्य रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों का विस्तार करना, अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना तथा जिले में स्वास्थ्य जागरूकता और मानवीय सेवा की भावना को मजबूत बनाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed