किरगी को मिली सौगात: 10 लाख की लागत से बना सुलभ शौचालय, सांसद निधि से मिला मोबाइल प्यूरिफायर कूलिंग टैंकर
अनूपपुर। जिले की जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत किरगी (राजेंद्रग्राम) की लंबे समय से चली आ रही एक महत्वपूर्ण जनसुविधा की मांग आखिरकार पूरी हो गई। बस स्टैंड परिसर में सांसद निधि से निर्मित नवीन एवं आधुनिक सामुदायिक सुलभ शौचालय का लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। लगभग 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह शौचालय अब क्षेत्रवासियों, यात्रियों एवं आसपास के ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध कराएगा।लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ की अध्यक्षा श्रीमती मिथिलेश सिंह मरावी रहीं। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य नर्मदा सिंह, जनपद पंचायत के सीईओ हरिश्चंद द्विवेदी, जनपद सदस्य सुरेश, भाजपा मंडल अध्यक्ष जागेश्वर चंद्रवंशी, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विशाल ताम्रकार, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रमोद मरावी, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष बाब्बू चंद्रवंशी सहित ग्राम पंचायत के पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक शौचालय बनने से यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। यह सुविधा स्वच्छ भारत अभियान की भावना को भी मजबूती प्रदान करेगी।

इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि क्षेत्र की सांसद हिमाद्रि सिंह द्वारा सांसद निधि से ग्राम किरगी के बस स्टैंड के लिए 10 लाख रुपये की लागत का सामुदायिक सुलभ शौचालय स्वीकृत कराया गया है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत को मोबाइल प्यूरिफायर कूलिंग टैंकर भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। ग्रामीणों ने इसे जनहित की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में ग्राम पंचायत की ओर से सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों का सहयोग, स्नेह और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए इसी तरह कार्य होते रहेंगे।
