सात फेरों के बीच दुल्हन के सपनों पर डाका शादी समारोह में 3 लाख के जेवर पार, CCTV से पकड़ा गया शातिर तिज्जू कोरी, दूसरा बदमाश फरार
सात फेरों के बीच दुल्हन के सपनों पर डाका
शादी समारोह में 3 लाख के जेवर पार, CCTV से पकड़ा गया शातिर तिज्जू कोरी, दूसरा बदमाश फरार
कटनी।। शादी समारोह में दुल्हन के जेवरात चोरी कर फरार हुए शातिर आरोपी को कुठला पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर विद्या मैरिज गार्डन पन्ना मोड़ में आयोजित शादी समारोह के दौरान वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए जेवरात बरामद कर लिए हैं, जबकि गिरवी रखा गया सोने का हार वापस लेने की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार फरियादी हरीश त्रिपाठी निवासी पहरुआ मंडी ने थाना कुठला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 03-04 मई 2026 की रात उसकी बहन की शादी विद्या मैरिज गार्डन में आयोजित थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाश कमरे में रखी बंद पेटी का कुंदा तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में हार, झुमकी, बिछिया और अंगूठियां शामिल थीं, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई।
घटना के बाद परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन सामान नहीं मिला। इसके बाद मैरिज गार्डन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति गमछा डाले कमरे में घुसते और सिंगारदानी लेकर बाहर निकलते दिखाई दिया, जबकि दूसरा युवक बाहर निगरानी करता नजर आया।
कुठला पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान राजकुमार उर्फ तिज्जू कोरी निवासी कछगवां के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने भतीजे शाहिल के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झुमकी, बिछिया और अंगूठियां बरामद कर ली हैं। वहीं चोरी किया गया सोने का हार आरोपी द्वारा IIFL बैंक कटनी में गिरवी रख दिया गया था, जिसे वापस लेने की प्रक्रिया जारी है। मामले में दूसरा आरोपी शाहिल फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी राजकुमार उर्फ तिज्जू कोरी के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ और सट्टा समेत 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।