जिले की मेधावी छात्रा आकृति साहू ने कलेक्टर से की सौजन्य भेंट, उत्कृष्ट उपलब्धि पर मिली बधाई

0

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 25 जून 2026/ छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की राज्य मेरिट सूची में 8वां स्थान प्राप्त करने वाली स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा की मेधावी छात्रा आकृति साहू ने अपने परिवारजनों के साथ कलेक्टर श्री संतोष कुमार देवांगन से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर कलेक्टर ने छात्रा को उसकी उल्लेखनीय सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुनर्मूल्यांकन के बाद आकृति साहू के 4 अंक बढ़े, जिससे उनका कुल प्राप्तांक 484 हो गया और उन्होंने राज्य मेरिट सूची में 8वां स्थान हासिल किया। बोनस अंक जोड़ने के बाद उनका कुल प्राप्तांक 494 (98.80 प्रतिशत) दर्ज किया गया। इससे पूर्व भी आकृति कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में राज्य मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर चुकी हैं। लगातार दो बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने जिले और विद्यालय का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है।

कलेक्टर श्री संतोष कुमार देवांगन ने कहा कि आकृति साहू की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। इस अवसर पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी को निर्देशित किया कि जिले के टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले चारों विद्यार्थियों के साथ विद्यालयों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन विद्यार्थियों द्वारा अपनी तैयारी, अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन और सफलता के अनुभव अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक बच्चे प्रेरित होकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें और भविष्य में जिले का नाम राज्य की मेरिट सूची में और अधिक संख्या में दर्ज हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed