एल एण्ड टी कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

0

एल एण्ड टी कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
कटनी।। एल एण्ड टी कंपनी में कार्यरत सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
दिनांक 01.07.2026 की रात्रि में शासकीय जिला अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई कि रंजीत सिंह पिता श्रीराम सिंह सिकरवार, उम्र 39 वर्ष, जो एल एण्ड टी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, घायल अवस्था में उपचार हेतु भर्ती किए गए हैं। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से घटना के संबंध में पूछताछ की। आहत ने बताया कि दिनांक 30.06.2026 की रात्रि वह बार्डस्ले स्कूल के पीछे रेलवे लाइन किनारे एल एण्ड टी कंपनी की साइट पर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था। रात्रि लगभग 10:30 बजे आसू उर्फ एलीसा पॉल वहां पहुंचा और साइट पर रखा लोहे का सामान उठाने लगा। जब उसे ऐसा करने से मना किया गया तो उसने गाली-गलौज करते हुए कहा,बड़ा ईमानदार बनता है, आज तेरा काम खत्म कर देता हूं और अपने पास रखे चाकू से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। बचाव के प्रयास में चाकू उसके बाएं कान के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर साथी कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 710/26 अंतर्गत धारा 296(बी), 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। आरोपी की संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश की गई, किंतु वह अपने निवास से फरार मिला।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी कैलवारा फाटक के आसपास घूम रहा है तथा भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आसू उर्फ एलीसा पॉल, पिता पियरसन पॉल, उम्र 45 वर्ष, निवासी मरही माता मंदिर के पास, बाबली टोला, आजाद चौक बताया। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार किया। उसके मेमोरेण्डम के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। जांच में आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज होना भी पाया गया।
थाना प्रभारी कोतवाली राखी पाण्डेय ने बताया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले एवं हिंसक अपराध करने वाले आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed