घंटाघर बाजार में किराना व्यापारी से अवैध वसूली कर धमकाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
घंटाघर बाजार में किराना व्यापारी से अवैध वसूली कर धमकाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कटनी।। घंटाघर जैसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र में किराना व्यापारी से अवैध वसूली करने, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोतवाली पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास कायम किया है।
दिनांक 29.06.2026 को ईश्वर लाल गेई पिता रामचंद्र गेई, उम्र 49 वर्ष, निवासी दुबे कॉलोनी, रफी अहमद किदवई वार्ड ने थाना कोतवाली मे रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी घंटाघर स्थित रामचंद्र एण्ड संस नाम से किराना दुकान है। उसी रात छोटू निषाद एवं शिब्बू शाण्डिल्य उनकी दुकान पर पहुंचे और शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसों की मांग करने लगे। पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। आसपास के लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 706/26 अंतर्गत धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 351(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना के विरोध में व्यापारी संघ द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। घटना के बाद दोनों आरोपी अपने ठिकानों से फरार थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि दोनों आरोपी जुहला बायपास स्थित अमन ढाबा के पास कहीं बाहर भागने की फिराक में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी छोटू उर्फ गिरधारी निषाद, पिता शंकर लाल निषाद, उम्र 45 वर्ष, निवासी गांधीगंज, शुभम उर्फ शिब्बू शाण्डिल्य, पिता दिग्विजय शाण्डिल्य, उम्र 32 वर्ष, निवासी सुख सागर अपार्टमेंट, अशोक कॉलोनी आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी शुभम उर्फ शिब्बू शाण्डिल्य के विरुद्ध पूर्व से 08 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि घंटाघर जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में व्यापारी के साथ हुई घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। कोतवाली पुलिस व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।