सत्य की परीक्षा का प्रभावशाली मंचन, दर्शकों ने सराहा अभिनय
शहडोल। 11 दिवसीय नाट्य रंग महोत्सव के तीसरे दिवस पर मंगलवार की संध्या होटल शुभम पैलेस में नाटक “सत्य की परीक्षा” का सफल एवं प्रभावशाली मंचन किया गया। इस नाटक की प्रस्तुति सतना जिले की प्राप्त्याशा लोक एवं संस्कृति प्रवर्तन समिति, ककलपुर द्वारा की गई। नाटक का लेखन एवं निर्देशन रंगकर्मी अजय कुमार दाहिया ने किया, जिन्होंने अपनी टीम के कलाकारों के साथ मिलकर दर्शकों को एक सार्थक एवं प्रेरणादायी प्रस्तुति दी।
नाटक में सत्य, नैतिकता और जीवन मूल्यों को केंद्र में रखते हुए विभिन्न सामाजिक परिस्थितियों का चित्रण किया गया। कलाकारों के जीवंत अभिनय, संवाद अदायगी तथा मंचीय प्रस्तुति ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। विशेष रूप से बाल कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया और मंच पर अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई।
गौरतलब है कि यह 11 दिवसीय नाट्य रंग महोत्सव 8 जून से 18 जून 2026 तक शहडोल में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों से नाट्य दलों को आमंत्रित किया गया है, जो प्रतिदिन अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी दे रहे हैं।
महोत्सव का आयोजन सम्पूर्ण नाट्य एवं लोक कला समिति, शहडोल द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समिति ने जिले के कला प्रेमियों एवं सुधी दर्शकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नाटकों का अवलोकन करने तथा कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में संयोजक एवं रंगकर्मी लकी चतुर्वेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन का दायित्व प्राप्ती सोनी ने निभाया, जबकि प्रकाश व्यवस्था का कार्य अयान रजा एवं प्रीतू तिवारी द्वारा कुशलतापूर्वक संपादित किया गया। महोत्सव की प्रस्तुतियां लगातार दर्शकों का भरपूर स्नेह और समर्थन प्राप्त कर रही हैं।