अध्यक्ष पद के लिए जयकांत ने भरा नामांकन, अधिवक्ता संघ चुनाव में बढ़ी सरगर्मी

बुढ़ार। अधिवक्ता संघ बुढ़ार के निर्वाचन वर्ष 2026-28 को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अधिवक्ता जयकांत मिश्रा ने गुरुवार को वरिष्ठ एवं साथी अधिवक्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति और समर्थन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे और उन्होंने मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए अपना समर्थन व्यक्त किया।
नामांकन दाखिल करने के बाद जयकांत मिश्रा ने कहा कि वे अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, संघ की गरिमा को बनाए रखने तथा संगठन के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और साथियों के विश्वास से सेवा, संकल्प एवं विकास के नए अध्याय की शुरुआत होगी।
अधिवक्ता संघ बुढ़ार द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 10 जून से 12 जून तक नामांकन पत्र प्राप्त करने एवं जमा करने की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। 13 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 14 जून को उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची का प्रकाशन किया जाएगा। दावा-आपत्ति एवं नाम वापसी की प्रक्रिया 15 जून को संपन्न होगी तथा 16 जून को अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार मतदान 28 जून 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अधिवक्ता संघ बुढ़ार के कक्ष में होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना प्रारंभ की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए रामकृष्ण गुप्ता को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ सुशांत घोष, मनीष जायसवाल, शेषनारायण शर्मा एवं रीना पैट्रिक सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में दायित्व निभा रहे हैं।
निर्वाचन सूचना के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन शुल्क 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल है और विभिन्न पदों के लिए संभावित प्रत्याशी भी सक्रिय हो गए हैं। जयकांत मिश्रा के नामांकन दाखिल करने के साथ ही अध्यक्ष पद का मुकाबला रोचक होने के संकेत मिलने लगे हैं।