बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में चाकूबाजी की कोशिश, सुरक्षा गार्ड पर किया हमला; मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
शहडोल। बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में मंगलवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध हालत में घूम रहे दो युवकों में से एक ने पूछताछ कर रहे सुरक्षा गार्ड पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। गनीमत रही कि सुरक्षा गार्ड को कोई चोट नहीं आई और मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से एक बड़ी वारदात टल गई। घटना के बाद दोनों युवकों को पकड़ लिया गया। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने मामले की सूचना सोहागपुर थाने को दी है।
संदिग्ध गतिविधियों पर गार्ड को हुआ शक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह मेडिकल कॉलेज के सेकंड फ्लोर पर दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में इधर-उधर घूम रहे थे। दोनों नशे की हालत में बताए जा रहे हैं। जब सुरक्षा गार्ड ने उनसे अस्पताल आने का कारण पूछा, तो उन्होंने पहले किसी परिजन के भर्ती होने की बात कही, लेकिन पूछताछ के दौरान वे संबंधित परिजन की स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। इससे सुरक्षा कर्मियों का संदेह और गहरा गया।
पूछताछ के दौरान निकाला चाकू
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान बातचीत कर रहे एक सुरक्षा गार्ड पर अचानक एक युवक ने चाकू निकालकर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, गार्ड सुरक्षित रहा और उसे कोई चोट नहीं आई। घटना को देखते हुए आसपास तैनात अन्य सुरक्षा कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और युवकों को पकड़ने का प्रयास किया।
इस दौरान दोनों युवक वहां से भागते हुए मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट तक पहुंच गए, जहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को वापस लाकर सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में रखा गया। जानकारी के अनुसार, चाकू गेट के पास फेंक दिया गया था, जिसे पुलिस द्वारा जब्त किए जाने की बात कही गई है।
सोहागपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे युवक
दोनों युवकों को सोहागपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। यह भी जानकारी सामने आई है कि वे मेडिकल कॉलेज में भर्ती किसी परिचित से मिलने आए थे, हालांकि इस संबंध में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने घटना की सूचना सोहागपुर पुलिस को दी है। थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज भेजे जाने की जानकारी दी है। आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है। ऐसे में नशे की हालत में संदिग्ध युवकों का अस्पताल के भीतर घूमना और पूछताछ के दौरान चाकू निकालना गंभीर चिंता का विषय है।
फिलहाल राहत की बात यह है कि सुरक्षा गार्ड की सतर्कता और अन्य कर्मचारियों की मुस्तैदी से किसी को चोट नहीं आई और संभावित बड़ी घटना टल गई। अब पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और दोनों युवकों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।