शहर को जाम से राहत दिलाने की बड़ी तैयारी, ट्रांसपोर्ट नगर के प्लॉटों की नीलामी प्रारंभ कटनी बनेगा आधुनिक लॉजिस्टिक हब निवेश का सुनहरा अवसर

0

शहर को जाम से राहत दिलाने की बड़ी तैयारी, ट्रांसपोर्ट नगर के प्लॉटों की नीलामी प्रारंभ कटनी बनेगा आधुनिक लॉजिस्टिक हब निवेश का सुनहरा अवसर
कटनी।। शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और भारी वाहनों की आवाजाही से आमजन को हो रही परेशानियों के बीच नगर पालिक निगम ने शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निगम द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी क्षेत्र में स्थित रिक्त भूखण्डों की नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस पहल का उद्देश्य ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को एक व्यवस्थित, सुविधायुक्त और आधुनिक परिसर उपलब्ध कराना है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं सुरक्षित बन सके।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शहर के ट्रांसपोर्टर भाइयों एवं व्यवसायियों से नीलामी प्रक्रिया में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर की शिफ्टिंग कटनी के भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय साबित होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर के भीतर संचालित ट्रांसपोर्ट गतिविधियों के कारण यातायात व्यवस्था पर लगातार दबाव बढ़ रहा है, जिससे नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट गतिविधियों को पृथक एवं सुव्यवस्थित क्षेत्र में स्थानांतरित करना समय की आवश्यकता बन गई है।
महापौर श्रीमती सूरी ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में केवल ट्रांसपोर्ट व्यवसाय हेतु प्लॉट ही नहीं, बल्कि पेट्रोल पम्प, ढाबा, धर्मकांटा एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी भूखण्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे भविष्य में ट्रांसपोर्ट नगर एक पूर्ण विकसित लॉजिस्टिक एवं व्यावसायिक हब के रूप में विकसित होगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अन्य बड़े शहरों की तर्ज पर कटनी का भी व्यवस्थित विस्तार आवश्यक है। ट्रांसपोर्ट नगर के विकसित होने से शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात जाम की समस्या में राहत मिलेगी और नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही इससे औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
नगर निगम प्रशासन ने नीलामी प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं सरल बनाया है। इच्छुक बोलीकर्ताओं को भूखण्डों की जानकारी उपलब्ध कराने हेतु उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रत्येक रविवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में उपस्थित रहकर संबंधितों को स्थल की वास्तविक स्थिति एवं लोकेशन की जानकारी भी दी जाएगी।
नगर निगम द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर में रिक्त भूखण्डों की नीलामी हेतु ऑनलाइन निविदाएं 05 जून 2026 तक आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक व्यवसायी निविदा संबंधी विस्तृत जानकारी mptenders.gov.in के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि यह केवल भूखण्डों की नीलामी नहीं, बल्कि शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं विकासोन्मुख बनाने की एक सामूहिक पहल है। शहर के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर यातायात व्यवस्था के निर्माण में ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed