गौरेला परिक्षेत्र अंतर्गत पण्डरीपानी परिसर कक्ष क्र. 2343 में अवैध कटाई के संबंध में स्पष्टीकरण
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 4 मई 2026/ मरवाही वनमण्डल, पेंड्रारोड द्वारा स्पष्ट किया गया है कि गौरेला परिक्षेत्र अंतर्गत पण्डरीपानी परिसर का कक्ष क्र. 2343 रकबा लगभग 298 हे. में सागौन के अवैध कटाई के संबंध में क्षेत्रीय कार्यवाही प्रगति पर है। उक्त कक्ष वर्ष 2009-10 में सामाजिक वानिकी परियोजना अंतर्गत लगभग 103 हे. क्षेत्र में किये गये सागौन रोपण का हिस्सा है। यह क्षेत्र 04 ग्राम पंचायतों कोरजा, गांगपुर, डाहीबहरा एवं पण्डरीपानी से घिरा हुआ है। जिनके अंतर्गत 09 बस्तियां कोरजा, गांगपुर, डाहीबहरा, भैंसलोटी, बांदाटोला, खम्हलीकला, बालधर, नवाटोला एवं पण्डरीपानी इस कक्ष के चारो ओर स्थित हैं। परिणामस्वरूप इस क्षेत्र पर अत्यधिक जैविक दबाव विद्यमान है। जिसमें भैंसलोटी से 20, बांदाटोला-05, खम्हलीकला (नवाटोला)-09, बालधर (कोलपारा) – 08, गांगपुर- 05 घरों से सागौन की बल्लियां प्राप्त हुई हैं। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि सागौन का कटाई मुख्यतः निस्तार प्रायोजनों जैसे- आवास निर्माण, अंतिम संस्कार एवं बाड़ी (खेती की सीमा) निर्माण हेतु किया गया है। साथ ही यह क्षेत्र चारों ओर से व्यापक अतिक्रमण से प्रभावित है। जिसके निराकरण हेतु विगत कई वर्षों से प्रयास किये जा रहे हैं।
वर्तमान में वनमण्डलाधिकारी मरवाही, उपवनमण्डलाधिकारी गौरेला, उड़नदस्ता दल एवं अधिनस्थ वन क्षेत्रीय अधिकारी / कर्मचारियों की उपस्थिति में संयुक्त निरीक्षण एवं कार्यवाही की जा रही है। क्षेत्र का व्यवस्थित सर्वेक्षण किया जा रहा है तथा अवैध कटाई के प्रकरणों का अभिलेखीकरण किया जा रहा है। अब तक की कार्यवाही में सागौन की लगभग 500 नग बल्लियां 5 घ.मी. से अधिक बल्लियां बरामद की जा चुकी हैं, जिसमें उक्त बल्लियों का उपयोग अपने आवास निर्माण हेतु करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। बरामद की गई समस्त सागौन (बल्ल्लियों/ईमारती लकड़ी के रूप में) को जप्त कर मड़ना काष्ठागार में सुरक्षित अभिरक्षा हेतु परिवहन किया जा रहा है। कार्यवाही सतत् प्रगति पर है सर्वेक्षण पूरा होने के उपरांत दोषियों की पहचान, क्षति का आंकलन एवं विधिक कार्यवाही की जायेगी।