गौरेला में गैस की कालाबाजारी की शिकायत, नगर पालिका अध्यक्ष ने जिला खाद्य अधिकारी से कार्रवाई की मांग

0

गौरेला। नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे ने सियाराम गैस एजेंसी गौरेला द्वारा कथित रूप से निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस की आपूर्ति नहीं किए जाने की शिकायत जिला खाद्य अधिकारी से की है।

 

22 अगस्त 2026 को जिला खाद्य अधिकारी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को दिए पत्र में नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा है कि आम नागरिकों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि गैस सिलेंडर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर दिए जा रहे हैं। साथ ही सिलेंडरों की होम डिलीवरी के बजाय गोदाम से लेने के लिए उपभोक्ताओं को मजबूर किए जाने की बात भी सामने आई है।

 

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बुकिंग नंबर आने के बाद भी उपभोक्ताओं को तीन-चार दिन बाद सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता है, जबकि बिना नंबर वाले उपभोक्ताओं से कथित तौर पर ₹500 तक अतिरिक्त शुल्क लेकर सिलेंडर दिए जाने की शिकायत है। मोबाइल पर डीएसी नंबर आने के बाद एजेंसी से फोन कर हितग्राही से डीएसी नंबर मांगे जाने और दो-तीन दिन में डिलीवरी का आश्वासन देने के बावजूद कई मामलों में 10 से 15 दिन तक सिलेंडर नहीं मिलने की बात भी पत्र में कही गई है।

 

नगर पालिका अध्यक्ष ने पत्र में कहा है कि सुशासन तिहार के दौरान भी इस संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से संबंधित लोगों के हौसले बढ़े हुए हैं और आम जनता परेशान हो रही है।

 

उन्होंने जिला खाद्य अधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य अधिनियम के तहत जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करने तथा उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी से निजात दिलाने की मांग की है। पत्र में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जवाबदारी जिला खाद्य विभाग की होगी।

 

गौरतलब है कि देश के विभिन्न हिस्सों में गैस एजेंसियों से जुड़ी अधिक वसूली और समय पर डिलीवरी नहीं होने की शिकायतों पर प्रशासनिक जांच एवं कार्रवाई के मामले सामने आते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed