गगन नाकरा गैंग पर शिकंजा:-आईपीएल सट्टे की ऑनलाइन बेटिंग गैंग सक्रिय, पुलिस ने मारा छापा,मोबाइल-लैपटॉप लाखों का सामान जब्त दो बुकी दबोचे,मास्टरमाइंड फरार

0

गगन नाकरा गैंग पर शिकंजा:-आईपीएल सट्टे की ऑनलाइन बेटिंग गैंग सक्रिय, पुलिस ने मारा छापा,मोबाइल-लैपटॉप लाखों का सामान जब्त दो बुकी दबोचे,मास्टरमाइंड फरार
कटनी।। आईपीएल क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन बेटिंग रैकेट का खुलासा किया है। माधवनगर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शहर के बीचों-बीच संचालित हो रहे इस अवैध कारोबार पर छापा मारकर दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अस्पताल लाइन क्षेत्र का रहने वाला मुकेश उर्फ मुक्कू पोपटानी अपने साथियों के साथ आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाकर मोटी कमाई कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और साइबर सेल तथा कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाकर रफी किदवई वार्ड स्थित दुबे कॉलोनी में दबिश दी गई। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, कमरे के भीतर मोबाइल, लैपटॉप और इंटरनेट के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगवाने का खेल जारी मिला। पुलिस ने मौके से मुकेश उर्फ मुक्कू पोपटानी और सूरत निवासी हितेश डायाभाई खूट को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से रकम लेकर मैचों की हर गेंद और हर ओवर पर सट्टा संचालित कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 10 बैंक पासबुक, 19 एटीएम कार्ड, लैपटॉप, एटीएम स्वाइप मशीन, जियो वाई-फाई राउटर, हिसाब-किताब की डायरी और नगद राशि बरामद की। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और इसके तार दूसरे शहरों से भी जुड़े हो सकते हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि पूरे रैकेट का संचालन गगन नाकरा नामक व्यक्ति के इशारे पर किया जा रहा था, जो मौके से फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वहीं साइबर सेल बैंक खातों, मोबाइल डेटा और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है, जिससे सट्टे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है।
पुलिस का कहना है कि आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर लगातार नजर रखी जा रही है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed