खनिज संपदा की लूट पर शिकंजा, बड़वारा में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई,अवैध परिवहन करते तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली की जप्त,बेखौफ खनन माफिया की खुली पोल

0

खनिज संपदा की लूट पर शिकंजा, बड़वारा में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई,अवैध परिवहन करते तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली की जप्त,बेखौफ खनन माफिया की खुली पोल
कटनी/बड़वारा। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को अवैध खनन के विरुद्ध महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। थाना बड़वारा पुलिस ने ग्राम निगहरा मोड़, रोहनिया, परसेल एवं बिलायतकलां क्षेत्र में गश्त और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े। वाहन चालकों से रेत परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों वाहनों को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
खनन माफियाओं की सक्रियता बनी चुनौती
बड़वारा क्षेत्र लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और खनिज संपदा के दोहन को लेकर चर्चा में रहा है। क्षेत्र की नदियों और खदानों से रात के अंधेरे में रेत निकालकर परिवहन किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेत के साथ-साथ अन्य खनिज संपदाओं का भी अवैध उत्खनन कर राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
स्थानीय जानकारों का मानना है कि अवैध खनन न केवल शासन को आर्थिक क्षति पहुंचा रहा है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन को भी प्रभावित कर रहा है। नदी तटों से अंधाधुंध रेत निकासी के कारण जलस्तर प्रभावित होने के साथ-साथ भू-क्षरण की समस्या भी बढ़ रही है।
लगातार कार्रवाई की जरूरत
पुलिस की इस कार्रवाई को खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है, लेकिन क्षेत्र में अवैध खनन की व्यापकता को देखते हुए लगातार निगरानी और संयुक्त अभियान चलाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग की समन्वित कार्रवाई से ही इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed