शिक्षा क्रांति:-अब गांव में ही मिलेगा उज्ज्वल भविष्य यहीं से निकलेंगे कल के IAS-IPS 33.50 करोड़ की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, शिक्षा के नए युग की शुरुआत : संजय पाठक

0

शिक्षा क्रांति:-अब गांव में ही मिलेगा उज्ज्वल भविष्य यहीं से निकलेंगे कल के IAS-IPS
33.50 करोड़ की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, शिक्षा के नए युग की शुरुआत : संजय पाठक
कटनी (बरही)। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरही तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत करेला में लगभग 33 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय का विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में लोकार्पण किया गया। समारोह में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों की उपस्थिति रही।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजय पाठक ने कहा कि करेला में सांदीपनि विद्यालय का शुभारंभ केवल एक नए भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि खितौली-करेला क्षेत्र में शिक्षा के नए युग की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय आधुनिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएगा, जिससे वे ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास और कौशल के बल पर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यालय में अर्जित ज्ञान जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। धन-संपत्ति समाप्त हो सकती है, लेकिन ज्ञान और विवेक को कोई नहीं छीन सकता। शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज का जिम्मेदार नागरिक बनना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी, आधुनिक किसान, उद्यमी या व्यापारी बनने का लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। साथ ही आश्वस्त किया कि उच्च शिक्षा के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा तथा भविष्य में खितौली क्षेत्र में शासकीय कॉलेज खोलने का प्रयास भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद जिला कलेक्टर आशीष तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक अर्थ सीखना और उसे जीवन में उतारना है। उन्होंने छात्रों से रटने की बजाय विषयों को गहराई से समझने पर बल देते हुए कहा कि यही बौद्धिक विकास और सफल जीवन की आधारशिला है।
इस अवसर पर विधायक संजय पाठक ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ एवं डीएफओ सहित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों को नवीन सर्वसुविधायुक्त विद्यालय की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरमनप्रीत कौर, डीएफओ गर्वित गंगवार, जनपद अध्यक्ष सुधा जायसवाल, अध्यक्ष सुधा कोल, उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!