वार्ड 14 और 13 में विकास कार्यों का भूमि पूजन, 73 लाख से अधिक के कार्यों की सौगात
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला। नगर पालिका परिषद गौरेला द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर विकास कार्यों की शुरुआत की जा रही है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 14 में ट्यूबलर पोल स्थापना कार्य हेतु नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे ने भूमि पूजन किया। इस कार्य की अनुमानित लागत लगभग 20 लाख रुपए बताई गई है। ट्यूबलर पोल लगने से क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
वहीं वार्ड क्रमांक 13 स्थित लोहरा झोरकी एसएलआरएम सेंटर में शेड एवं सड़क निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया गया। इस कार्य की लागत लगभग 53 लाख रुपए निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था और आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम में ठाकुर रामप्रकाश सिंह, रवि अग्रवाल, पार्षद प्रतिनिधि श्री खुल्लू राठौर, उपयंत्री स्वप्निल मिश्रा, टेकराम यादव सहित वार्डवासी एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं ताकि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध हो सकें।