9-10 अक्टूबर को माधवनगर में गूंजेगा हरेमाधव वर्सी महोत्सव देशभर से हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल, शोभायात्रा, सत्संग-कीर्तन और भंडारे के साथ होंगे विविध आयोजन
9-10 अक्टूबर को माधवनगर में गूंजेगा हरेमाधव वर्सी महोत्सव
देशभर से हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल, शोभायात्रा, सत्संग-कीर्तन और भंडारे के साथ होंगे विविध आयोजन
कटनी। पूर्ण विदेही मुक्त संत सतगुरु बाबा माधवशाह एवं सतगुरु बाबा नारायणशाह साहिब जी की स्मृति में आयोजित होने वाला दो दिवसीय हरेमाधव वर्सी पर्व इस वर्ष 9 एवं 10 अक्टूबर को माधवनगर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा के भाव के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
इसी सिलसिले में रविवार को हरेमाधव दरबार साहिब, माधवनगर में जीवनमुक्त सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी के पावन सानिध्य में आम बैठक आयोजित की गई। इसमें शहर के विभिन्न समाजसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर आयोजन की व्यवस्थाओं और सेवा कार्यों की जिम्मेदारियां संभालीं।
9 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
हरेमाधव परमार्थ सत्संग समिति के सेवादारों ने बैठक में वर्सी पर्व के दौरान होने वाले कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। 9 अक्टूबर की सुबह 8 बजे हरेमाधव दरबार साहिब से सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। ढोल-नगाड़ों और बैंडबाजों के साथ निकलने वाली शोभायात्रा में पुष्पों से सुसज्जित रथ पर सतगुरु साहिब विराजमान रहेंगे।
शोभायात्रा में विभिन्न सेवा दलों एवं सिंधु नवयुवक मंडल द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए बाबा माधवशाह चिकित्सालय के सामने स्थित हरेमाधव दरबार प्रांगण पहुंचेगी।
शाम को शब्द-कीर्तन और भजनों से सजेगा सत्संग स्थल
हरेमाधव दरबार प्रांगण में बनाए गए भव्य पंडाल में सत्संग-कीर्तन का आयोजन होगा। 9 अक्टूबर की शाम 7 बजे से शब्द-कीर्तन, भजन एवं रागों का गायन किया जाएगा। वहीं 10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी द्वारा अमृत वर्षा के साथ आध्यात्मिक सत्संग होगा। इसके पश्चात आम भंडारे (हरेमाधव ब्रह्म भोज) का आयोजन किया जाएगा।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं
वर्सी पर्व के अवसर पर बाबा माधवशाह चिकित्सालय में नागपुर, जबलपुर एवं रायपुर से आने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। चिकित्सालय में उपलब्ध दवाइयां भी जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसकी व्यवस्था बाबा माधवशाह चिकित्सालय संचालन समिति द्वारा की जा रही है।
सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने संभाली सेवा की जिम्मेदारी
वर्सी पर्व की व्यवस्थाओं में हरेमाधव कारसेवक, सिंधु नौजवान मंडल, मप्र युवा सिंधी समाज, किराना व्यापारी संघ, बाबा मनोहरशाह सेवा मंडल, राइस मिल एसोसिएशन, डायमंड क्रिकेट क्लब, मुनीम एसोसिएशन, झूलेलाल सेवा मंडल, वस्त्र विक्रेता संघ माधवनगर, बाबा गोविंदशाह सेवा मंडल, बाबा नारायणशाह ग्रुप, स्टेशनरी विक्रेता संघ, सिंधी शिक्षक संघ एवं बाबा माधवशाह सेवा मंडल सहित अनेक सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने विभिन्न सेवा कार्यों की जिम्मेदारियां संभाली हैं।
हजारों श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था
देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था की गई है। इनमें बाबा माधवशाह भवन, बाबा नारायणशाह भवन, सतगुरु बाबा मनोहरशाह भवन, सिंधु भवन, डायमंड इंग्लिश स्कूल, श्री पंजाबी सनातन धर्मशाला, बाबा आत्माराम धर्मशाला, एमईएस लाइन धर्मशाला, मंगल आत्म भवन, सिंधु सदन, बाबा नारायणशाह मैरिज गार्डन, गुरुनानक धर्मशाला, अर्जुन पैलेस एवं टीजीएस होटल सहित अन्य सार्वजनिक स्थल एवं सेवादारों के निवास शामिल हैं।
माधवनगर रोड स्टेशन पर अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव की तैयारी
वर्सी पर्व में देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 8 से 11 अक्टूबर तक माधवनगर रोड रेलवे स्टेशन पर नियमित ट्रेनों के अलावा दूरगामी ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था किए जाने की जानकारी समिति की ओर से दी गई है। समिति के अनुसार, प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर मंडल से इसके लिए स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई है।
हरेमाधव वर्सी पर्व को लेकर माधवनगर में तैयारियां जारी हैं और आयोजन से जुड़े सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठन श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।