अस्पताल बना रेसिंग ट्रैक! डॉक्टर ने नई कार से मचाया उत्पात, एम्बुलेंस समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त
शहडोल। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनपुरी में शनिवार रात जमकर हंगामा देखने को मिला। अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अभिषेक मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने कथित रूप से नशे की हालत में अपनी नई कार अस्पताल परिसर में तेज रफ्तार से दौड़ा दी। इस दौरान अस्पताल परिसर में खड़ी एम्बुलेंस समेत कई वाहनों को टक्कर लग गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डॉक्टर हाल ही में नई टाटा सिएरा कार लेकर आए हैं। बताया जा रहा है कि देर रात वे अस्पताल परिसर में कार चला रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सीधे अस्पताल परिसर में खड़ी एम्बुलेंस से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास खड़े अन्य वाहन भी उसकी चपेट में आ गए और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा।
परिसर में मची भगदड़, लोग जान बचाकर भागे
घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार काफी देर तक परिसर में इधर-उधर घूमती रही, जिससे लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने किसी तरह खुद को बचाया। गनीमत रही कि उस समय परिसर में मरीजों और परिजनों की भीड़ ज्यादा नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

पहले भी विवादों में रह चुका है डॉक्टर
स्थानीय लोगों का कहना है कि डॉक्टर अभिषेक मिश्रा का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। आरोप है कि वे पूर्व में भी कई बार नशे की हालत में अस्पताल परिसर में हंगामा कर चुके हैं। लोगों का दावा है कि उनके व्यवहार से जुड़े वीडियो भी सामने आए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बढ़ते गए।
स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
घटना के बाद अस्पताल परिसर में देर रात तक चर्चाओं का दौर चलता रहा। स्थानीय नागरिकों और अस्पताल कर्मचारियों ने सवाल उठाए कि यदि अस्पताल में पदस्थ जिम्मेदार डॉक्टर ही इस तरह की लापरवाही करेंगे, तो मरीजों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच और कार्रवाई की मांग तेज
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।