सरकार कब तक इग्नोर करोगे कटनी का भविष्य 18 दिन से सड़क पर छात्र, अब सरकार की प्रतीकात्मक अर्थी छात्रों ने भरी हुंकार जब-जब छात्र मचलते हैं, इतिहास बदलते हैं सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग पर आंदोलन निर्णायक मोड़ पर, पीपीपी मॉडल के विरोध में छात्रों का आर-पार का ऐलान, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने दो घंटे सुनी पीड़ा, सरकार से बात करने का दिया भरोसा
सरकार कब तक इग्नोर करोगे कटनी का भविष्य
18 दिन से सड़क पर छात्र, अब सरकार की प्रतीकात्मक अर्थी
छात्रों ने भरी हुंकार जब-जब छात्र मचलते हैं, इतिहास बदलते हैं
सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग पर आंदोलन निर्णायक मोड़ पर, पीपीपी मॉडल के विरोध में छात्रों का आर-पार का ऐलान, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने दो घंटे सुनी पीड़ा, सरकार से बात करने का दिया भरोसा
कटनी। सरकारें जब जनता की आवाज सुनना बंद कर देती हैं, तो सड़कें सवाल पूछने लगती हैं। और जब सवालों को लगातार अनसुना किया जाता है, तो विरोध के तरीके भी व्यवस्था को झकझोरने लगते हैं। कटनी में सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर पिछले 18 दिनों से कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठे छात्रों ने अब सरकार की प्रतीकात्मक अर्थी रखकर इसी नाराजगी को सामने ला दिया है। यह दृश्य सिर्फ एक आंदोलन की तस्वीर नहीं, बल्कि कटनी के भविष्य, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों का प्रतीक है।

छात्रों का आरोप है कि सरकार उनकी मांग को लगातार ‘इग्नोर और इग्नोर’ कर रही है। पढ़ाई छोड़कर दिन-रात आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों की शिकायत है कि अब तक उनकी आवाज सुनने के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई। पीपीपी मॉडल पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के विरोध में छात्र सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग पर अड़े हैं। उनका साफ संदेश है मांग की अनदेखी जारी रही, तो आंदोलन और तेज होगा।
लेकिन सवाल यह है कि कटनी के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग आखिर कब तक इंतजार करती रहेगी।
अर्थी सरकार की, चिंता कटनी की आने वाली पीढ़ियों की
सरकार की प्रतीकात्मक अर्थी रखकर छात्रों ने अपने आक्रोश को जिस अंदाज में जाहिर किया, उसने आंदोलन को एक नया तेवर दे दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार 18 दिनों तक धरने पर बैठने के बावजूद उनकी मांग पर गंभीरता दिखाई नहीं दे रही। उनका आरोप है कि जिला प्रशासन भी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा। यहां मुद्दा केवल छात्रों के आंदोलन का नहीं है। मेडिकल कॉलेज किसी शहर के लिए उच्च शिक्षा का संस्थान भर नहीं होता। उससे चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता, स्थानीय युवाओं के लिए अवसर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर उपचार मिलने की संभावनाएं जुड़ी होती हैं। इसीलिए सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को कटनी के व्यापक विकास से जोड़कर देखा जा रहा है।
छात्रों का पक्ष स्पष्ट है उन्हें पीपीपी मॉडल के बजाय सरकारी मेडिकल कॉलेज चाहिए। अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह इस मांग पर अपना पक्ष स्पष्ट करे। यदि कोई वित्तीय, तकनीकी या नीतिगत बाधा है, तो उसे सामने रखा जाए। यदि संभावना है, तो आगे की प्रक्रिया बताई जाए। आखिर लोकतंत्र में सवाल उठाने वालों को जवाब मिलना भी जरूरी है।
जब-जब छात्र मचलते हैं, इतिहास बदलते हैं
आंदोलन से जुड़े छात्र श्रीकृष्ण का यह कथन अब प्रदर्शन की हुंकार बन गया है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया और संवाद की पहल नहीं की, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी सरकार और जिला प्रशासन पर डालने की बात कही है।
यह चेतावनी बताती है कि छात्रों में असंतोष गहराता जा रहा है। हालांकि, किसी भी आंदोलन का समाधान टकराव बढ़ाने में नहीं, बल्कि समय रहते संवाद और ठोस निर्णय में होता है। सरकार और प्रशासन के लिए अभी भी अवसर है कि वे स्थिति को गंभीरता से लें, छात्रों से बातचीत करें और आगे का रास्ता स्पष्ट करें।
संजय सत्येंद्र पाठक ने सुनी छात्रों की पीड़ा, अब सरकार की बारी
आंदोलन के बीच विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक छात्रों से बातचीत करने पहुंचे। कटनी एक्शन कमेटी के संस्थापक श्रीकृष्ण के अनुसार, विधायक ने करीब दो घंटे तक छात्रों की बात सुनी, उनके मुद्दों को गंभीरता से समझा और मांग को जायज बताया। उन्होंने कटनी में मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता स्वीकार करते हुए सरकार से बातचीत करने का आश्वासन दिया। यह पहल आंदोलन के बीच संवाद की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह आश्वासन सरकार के स्तर पर ठोस पहल में बदलेगा। छात्रों को सिर्फ सहानुभूति नहीं, बल्कि अपनी मांग पर सरकार का स्पष्ट रुख चाहिए।
आखिर किस विकास का इंतजार है
श्रीकृष्ण ने कटनी की तुलना रीवा और सतना जैसे शहरों से करते हुए कहा कि दूसरे नगर विकास के कई क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं, जबकि कटनी को जरूरी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कभी व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से आसपास के क्षेत्रों का महत्वपूर्ण केंद्र रहा कटनी आज अपने विकास की प्राथमिकताओं को लेकर सवालों के घेरे में है।
सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग इसी बड़ी बहस का हिस्सा है। क्या कटनी की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है? क्या स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के पर्याप्त अवसर मिल रहे हैं? और क्या जिले को लेकर दीर्घकालिक विकास योजना स्पष्ट है। इन सवालों का जवाब केवल नारों से नहीं, बल्कि नीतिगत फैसलों और जमीन पर दिखाई देने वाले परिणामों से मिलेगा।
अब परीक्षा सरकार की इच्छाशक्ति की
18 दिन का आंदोलन, छात्रों की प्रतीकात्मक अर्थी और उग्र आंदोलन की चेतावनी ये घटनाएं सरकार और जिला प्रशासन के लिए गंभीर संकेत हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना एक नीतिगत और वित्तीय निर्णय है, लेकिन इस पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवाद की कमी नहीं होनी चाहिए। कटनी को मेडिकल कॉलेज मिलेगा या नहीं, इसका फैसला सरकार को करना है। लेकिन कटनी की मांग सुनी जाएगी या नहीं, यह सरकार की जवाबदेही का सवाल है। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने सरकार से बातचीत का भरोसा दिया है। अब जरूरत है कि इस पहल को आगे बढ़ाकर छात्रों को स्पष्ट जवाब दिया जाए। क्योंकि जिस शहर के छात्र अपनी पढ़ाई छोड़कर 18 दिनों से अपने भविष्य और अपने जिले की जरूरतों के लिए धरने पर बैठे हों, उनकी आवाज को अनिश्चितकाल तक नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। छात्रों ने प्रतीकात्मक अर्थी रखकर अपना संदेश दे दिया है। अब देखना यह है कि सरकार इस आवाज को सुनती है, या कटनी को अपने सवालों के जवाब के लिए एक और आंदोलन का इंतजार करना पड़ेगा।