किसान, आदिवासी और मजदूरों की समस्याओं को लेकर इंटक ने कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन, कई मामलों में कार्रवाई की मांग
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी के नेतृत्व में इंटक पदाधिकारियों, मजदूरों, किसानों और आदिवासी परिवारों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में पहला मामला ग्राम पंचायत कसईबहरा के मजदूरों का उठाया गया। आरोप है कि रेल परियोजना में अधिक मजदूरी का प्रलोभन देकर पेटी ठेकेदार अनुज राजा (हरसपुर, उत्तर प्रदेश), सोनू और रमेश रेड्डी मजदूरों को तेलंगाना और महाराष्ट्र ले गए, जहां उनसे काम कराने के बाद मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। साथ ही मजदूर गोलू सिंह गोंड का मोबाइल छीन लिया गया और मजदूरों को बंधक बनाकर रखा गया। किसी तरह गोलू सिंह गोंड वहां से निकलकर अपने गांव कसईबहरा पहुंचे और जिला कार्यालय इंटक में पूरी जानकारी दी।
इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने बताया कि उन्होंने संबंधित ठेकेदारों से फोन पर मजदूरी भुगतान और मजदूरों को मुक्त करने की बात कही, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद मजदूरों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां मुलाकात नहीं होने पर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। कलेक्टर ने स्वयं मजदूरों से पूरी जानकारी लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दूसरे मामले में ग्राम कसईबहरा निवासी गरीब आदिवासी निरंजन भैना की पैतृक भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत की गई। आरोप है कि शेषराम भैना द्वारा जबरन जमीन पर कब्जा किया गया तथा विरोध करने पर मारपीट की गई, जिससे निरंजन भैना गंभीर रूप से घायल हुए और उनके सिर में दस टांके लगे। पीड़ित परिवार द्वारा थाना, पुलिस अधीक्षक एवं राजस्व विभाग सहित विभिन्न स्तरों पर शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया।
इंटक अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने कहा कि उपलब्ध दस्तावेज और न्यायालय के आदेश पीड़ित परिवार के पक्ष में हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होना गंभीर विषय है। ज्ञापन के बाद पुलिस ने तत्काल संबंधित पक्ष को पूछताछ के लिए थाना बुलाया तथा थाना प्रभारी गौरेला ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
तीसरा मामला गौरेला निवासी लेबर ठेकेदार नरेन्द्र सोनकर के विरुद्ध उठाया गया। आरोप है कि कोरजा निवासी मजदूर विनोद सोनी से मकान में नल फिटिंग एवं विद्युत कार्य कराने के बाद वर्षों से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। मजदूर का आरोप है कि बार-बार भुगतान की मांग करने पर उसे टालने के साथ धमकी भी दी गई। इंटक कार्यालय में शिकायत मिलने के बाद इदरीस अंसारी ने दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद थाना प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर नरेन्द्र सोनकर के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा मजदूर की बकाया मजदूरी ब्याज सहित दिलाने की मांग की गई।
इंटक प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने कहा कि संगठन गरीब, मजदूर, किसान और आदिवासी वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है तथा प्रत्येक पीड़ित को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी, जिला सचिव राकेश पुरी, जिला महामंत्री आबिद भाई, महिला जिला उपाध्यक्ष गोमती पुरी, महिला जिला उपाध्यक्ष धन कुंवर, जिला कार्यालय प्रभारी ओमकार पांडे, जिला महामंत्री मदन मोहन, पंचायत अध्यक्ष पतरकोनी सहित निरंजन भैना, गोलू सिंह गोंड, नरेंद्र चौधरी, विनोद सोनी एवं बड़ी संख्या में इंटक कार्यकर्ता, किसान और मजदूर उपस्थित रहे।