ओबी डंपिंग को लेकर उठे सवालों पर जय अम्बे प्रबंधन की सफाई, कहा- नियमों के तहत हो रहा कार्य

0

 

 

DGMS और SECL की निगरानी में खनन गतिविधियां, आबादी व सड़क की सुरक्षा से समझौता नहीं करने का दावा

 

रामपुर बटुरा। रामपुर बटुरा ओपनकास्ट परियोजना में ओबी (ओवरबर्डन) डंपिंग को लेकर सुरक्षा संबंधी सवाल उठाए जाने के बाद जय अम्बे प्रबंधन ने स्थिति स्पष्ट की है। प्रबंधन का कहना है कि परियोजना में आबादी अथवा सड़क की सुरक्षा को खतरे में डालकर ओबी डंपिंग का कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित की जा रही हैं।

 

जय अम्बे प्रबंधन के अनुसार परियोजना में ओबी डंपिंग सहित अन्य खनन कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाता है। प्रबंधन का दावा है कि खनन गतिविधियां SECL और खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) की निगरानी एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही हैं। आबादी, सड़क अथवा आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

 

अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील

 

प्रबंधन ने ओबी डंपिंग से गांव की सुरक्षा खतरे में होने संबंधी चर्चाओं को भ्रामक और निराधार बताया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि किसी भी जानकारी पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। परियोजना से जुड़ी स्थिति अथवा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी के लिए अधिकृत अधिकारियों से संपर्क करने की बात कही गई है।

 

स्थानीय रोजगार पर जोर

 

प्रबंधन ने परियोजना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। प्रबंधन के अनुसार अब तक करीब 61 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। इससे क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलने का दावा किया गया है।

 

1000 से अधिक टन कोयला उत्पादन का दावा

 

परियोजना में उत्पादन गतिविधियां भी लगातार जारी हैं। प्रबंधन के अनुसार वर्तमान में 1000 से अधिक टन कोयला उत्पादन हो रहा है। प्रबंधन का कहना है कि आगे भी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उत्पादन बढ़ाने के साथ स्थानीय रोजगार के अवसरों को प्राथमिकता दी जाएगी।

 

जय अम्बे प्रबंधन ने दोहराया कि रामपुर बटुरा परियोजना में सुरक्षा, नियमों का पालन, स्थानीय रोजगार और क्षेत्र के हित को प्राथमिकता देते हुए ही कार्य किया जा रहा है। प्रबंधन ने ग्रामीणों से परियोजना से संबंधित किसी भी जानकारी को लेकर अधिकृत स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed