17 सितंबर को रोशन होगा कटनी, ‘आशीर्वाद का दिया’ से जगमगाएंगे घर और ऐतिहासिक स्थल हितग्राही परिवारों के घरों सहित घंटाघर, मोहना घाट और माधवनगर में होगा दीप प्रज्वलन, निगमायुक्त ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
17 सितंबर को रोशन होगा कटनी, ‘आशीर्वाद का दिया’ से जगमगाएंगे घर और ऐतिहासिक स्थल
हितग्राही परिवारों के घरों सहित घंटाघर, मोहना घाट और माधवनगर में होगा दीप प्रज्वलन, निगमायुक्त ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
कटनी।। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को कटनी शहर में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार शाम 7 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही परिवारों के घरों सहित शहर के ऐतिहासिक एवं प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार (IAS) ने आदेश जारी कर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे हैं।
कार्यक्रम के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के घरों पर दीप प्रज्वलन की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही राशन कार्डधारियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, दिव्यांगजनों, जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों, महिला स्व-सहायता समूहों तथा पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों के घरों पर भी दीप जलाए जाएंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी प्रेमनगर बस्ती में ‘आशीर्वाद का दिया’ का मुख्य आयोजन होगा। यहां मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, कूलर, पंखे, साउंड सिस्टम एवं माइक सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं नगर निगम द्वारा की जाएंगी।
इसके अलावा घंटाघर स्मारक, मोहना घाट कटनी नदी एवं माधवनगर में भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नगर निगम के तीन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के माध्यम से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।
कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आवारा मवेशियों की रोकथाम, पेयजल स्टॉल एवं वितरण, स्वल्पाहार तथा अतिथियों के स्वागत सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
निगम प्रशासन द्वारा कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला अधिकारियों, एनजीओ एवं स्थानीय संगठनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया का उपयोग किया जाएगा। साथ ही हितग्राही परिवारों एवं संस्थाओं द्वारा दीप प्रज्वलन के फोटो और वीडियो निर्धारित माध्यमों से साझा किए जाएंगे।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।