शहडोल पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 110 अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले

0

 

करीब दो वर्ष बाद एसपी रामजी श्रीवास्तव का बड़ा फैसला, लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर लगी मुहर

शहडोल। जिले के पुलिस महकमे में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। करीब दो वर्षों से व्यापक तबादला सूची को लेकर चर्चाओं का दौर जारी था। पुलिस विभाग के गलियारों में लगातार यह चर्चा होती रही कि कई अधिकारी और कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे हुए हैं और जल्द ही बड़े स्तर पर बदलाव हो सकते हैं। हालांकि समय बीतता गया, लेकिन तबादला सूची जारी नहीं हुई। अब पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने एक साथ 110 अधिकारी एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी कर इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।
जिले में हुए इस बड़े फेरबदल को हाल के वर्षों का सबसे व्यापक प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है। जारी आदेश के अनुसार 15 सहायक उप निरीक्षक (एएसआई), 39 प्रधान आरक्षक तथा 54 आरक्षक सहित विभिन्न शाखाओं और थानों में पदस्थ कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला सूची में कोतवाली, सोहागपुर, जयसिंहनगर, जैतपुर, गोहपारू, अमलाई, धनपुरी, सिंहपुर, बुढ़ार, ब्यौहारी, खैरहा, पपौंध, देवलौंद, महिला थाना, यातायात शाखा तथा एसडीओपी कार्यालय ब्यौहारी सहित कई इकाइयों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ कर्मचारियों को दूसरे क्षेत्रों में भेजकर प्रशासनिक संतुलन स्थापित करने की कोशिश की गई है।
प्रमुख बदलावों में यातायात शाखा में पदस्थ सूबेदार प्रियंका शर्मा को पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं सब इंस्पेक्टर आनंद झरिया को सोहागपुर से कोतवाली स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा एएसआई करतार सिंह को अमलाई से खैरहा, अंजना अहिरवार को धनपुरी से सिंहपुर तथा सुरेश अहिरवार को कोतवाली से जयसिंहनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार यह कार्रवाई स्थानांतरण नीति के तहत की गई है। ऐसे कर्मचारियों को प्राथमिकता दी गई है जिन्होंने एक ही पदस्थापना स्थल पर निर्धारित अवधि पूरी कर ली थी। विभाग का मानना है कि इससे कार्यकुशलता बढ़ेगी और विभिन्न थानों में अनुभवी स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस व्यापक फेरबदल का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, प्रशासनिक व्यवस्था में संतुलन बनाए रखना तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed