सफाई मित्रों की सुरक्षा को लेकर निगम की पहल महापौर ने स्वयं बांटी सुरक्षा किट, कहा—स्वच्छता वीरों की सुरक्षा हमारी पहली जिम्मेदारी
सफाई मित्रों की सुरक्षा को लेकर निगम की पहल
महापौर ने स्वयं बांटी सुरक्षा किट, कहा—स्वच्छता वीरों की सुरक्षा हमारी पहली जिम्मेदारी
कटनी।। स्वच्छ कटनी के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को लेकर नगर पालिक निगम कटनी ने पहल की है। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम परिसर स्थित एमआईसी हॉल में ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ आयोजित किया गया।
शिविर में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने सफाई मित्रों को सुरक्षा किट वितरित की। उन्होंने सफाई मित्रों को सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में सफाई मित्रों का योगदान महत्वपूर्ण है। सुबह से शहर की सफाई में जुटने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सुरक्षा किट उनके प्रति सम्मान और चिंता का प्रतीक है। उन्होंने सफाई मित्रों से कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।
महापौर ने स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी एमआईसी सदस्य सुभाष सिब्बू साहू के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री साहू स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ सुबह से शाम तक सफाई व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का दिया प्रशिक्षण
शिविर में कचरा संग्रहण और नाली सफाई के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। हैंड ग्लव्स, मास्क, गमबूट और सुरक्षा जैकेट के सही उपयोग का लाइव डेमो भी दिया गया। इसके अलावा संक्रामक कचरे से बचाव, प्राथमिक उपचार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के संबंध में सफाई मित्रों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों के परिश्रम की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया और विशेष सम्मान भी किया गया। शिविर का उद्देश्य सुरक्षा किट वितरण के साथ सफाई मित्रों को यह संदेश देना था कि नगर निगम उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर है।
इस अवसर पर निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, उमेंद्र अहिरवार, बीना बैनर्जी, पार्षद शशिकांत तिवारी, गोविंद चावला, शकुंतला सोनी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, समाजसेवी अज्जू सोनी, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, नोडल अधिकारी आदेश जैन सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं सफाई मित्र उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से निगम प्रशासन ने स्वच्छता के साथ-साथ सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को भी प्राथमिकता देने का संदेश दिया।