गांधी जयंती पर जिला चिकित्सालय में जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान स्वच्छता मित्रों का सम्मान, प्लास्टिक मुक्त भारत की दिलाई शपथ
गांधी जयंती पर जिला चिकित्सालय में जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान
स्वच्छता मित्रों का सम्मान, प्लास्टिक मुक्त भारत की दिलाई शपथ

कटनी।। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रमदान किया। खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों को स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत और जीवनशैली बनाया जाना चाहिए। सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, महापौर प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर, सीएमएचओ राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन यशवंत वर्मा, जिला युवा अधिकारी विलोकित सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
झाड़ू उठाकर दिया स्वच्छता का संदेश
जिला चिकित्सालय परिसर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं सफाई कर नागरिकों को संदेश दिया कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। श्रमदान के माध्यम से लोगों को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति नागरिकों को जागरूक किया गया। लोगों से प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने, वैकल्पिक साधनों को अपनाने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की गई।
स्वच्छता मित्रों का किया सम्मान
कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता कर्मी समाज के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखने की आवश्यकता है।