गांधी जयंती पर स्वच्छता गतिविधियों के साथ सेवा और श्रम के सम्मान का संदेश महापौर, कलेक्टर व एसपी की मौजूदगी में बस स्टैंड परिसर में हुआ श्रमदान, स्वच्छता मित्रों का सम्मान
गांधी जयंती पर स्वच्छता गतिविधियों के साथ सेवा और श्रम के सम्मान का संदेश
महापौर, कलेक्टर व एसपी की मौजूदगी में बस स्टैंड परिसर में हुआ श्रमदान, स्वच्छता मित्रों का सम्मान

कटनी।। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को बस स्टैंड परिसर में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया। इस दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता मित्रों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और स्वच्छता मित्र मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बस स्टैंड परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान से हुई। महापौर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने हाथ में झाड़ू लेकर श्रमदान किया। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर स्वच्छता मित्रों के समर्पण, सेवाभाव और निरंतर परिश्रम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता मित्र शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों और उनके जीवन संदेश को स्मरण करते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया गया।
महापौर श्रीमती सूरी ने उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम ने स्वच्छता, श्रम के सम्मान और जनभागीदारी का संदेश देते हुए नागरिकों को शहर को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
ये रहे मौजूद
श्रमदान कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, अनुराग त्रिसोलिया, अंबरीश वर्मा, पूर्व पार्षद सीमा कैलाश जैन, समाजसेवी अभिनंदन सरावगी, अभिनंदन शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री संजय मिश्रा, शैलेन्द्र प्यासी, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह, कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल, योगेश पवार, विजन टीम, टीम ओम साईं विजन तथा निगम स्कूलों के प्राचार्य एवं शिक्षक भी उपस्थित रहे।