जिला स्तरीय शतरंज में तिलक कॉलेज पुरुष वर्ग का विजेता, स्लीमनाबाद ने महिला वर्ग में मारी बाजी
जिला स्तरीय शतरंज में तिलक कॉलेज पुरुष वर्ग का विजेता, स्लीमनाबाद ने महिला वर्ग में मारी बाजी

कटनी। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के वार्षिक खेलकूद कैलेंडर 2026-27 के तहत सायना इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों में रणनीति, एकाग्रता और निर्णय क्षमता को लेकर कड़ा प्रतिस्पर्धात्मक माहौल देखने को मिला।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सेवानिवृत्त मेडिकल ऑफिसर एवं शतरंज खिलाड़ी डॉ. एसके खम्परिया, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सी. राजेश कुमार, ऑर्बिटर शुभम केवट, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी डॉ. राजकुमार सहित अतिथियों एवं महाविद्यालय प्रबंधन की उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर डॉ. एसके खम्परिया ने कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि सही समय पर सही निर्णय लेने की कला है। यह खेल विद्यार्थियों में धैर्य, दूरदृष्टि, रणनीतिक सोच और परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है। प्राचार्य डॉ. सी. राजेश कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।
पुरुष वर्ग में शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी विजेता रहा, जबकि शासकीय महाविद्यालय बहोरीबंद उपविजेता रहा। वहीं महिला वर्ग में शासकीय महाविद्यालय स्लीमनाबाद ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी उपविजेता रहा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय के विभागाध्यक्ष, सहायक प्राध्यापक सहित शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन का संचालन क्रीड़ा प्रभारी शरद यादव ने किया। वरिष्ठ क्रीड़ाधिकारी हीरा लाल केवट ने सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अरुण उरमलिया, डॉ. सार्थक चौरसिया, सत्यवीर सिंह और प्रशांत सोनी ने भी आयोजन में सहयोग दिया। समापन अवसर पर विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान कर आगामी स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।