4 अक्टूबर को शहर में छह स्थानों पर लगेंगे मेगा सेवा सेतु शिविर सरकार आपके द्वार की तर्ज पर मिलेगा योजनाओं का लाभ, एक ही स्थान पर होंगी विभिन्न सेवाओं की सुविधा

0

4 अक्टूबर को शहर में छह स्थानों पर लगेंगे मेगा सेवा सेतु शिविर
सरकार आपके द्वार की तर्ज पर मिलेगा योजनाओं का लाभ, एक ही स्थान पर होंगी विभिन्न सेवाओं की सुविधा
कटनी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सहज और त्वरित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा 4 अक्टूबर को शहर के विभिन्न स्थानों पर मेगा सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” की भावना के तहत आयोजित इन शिविरों को जनविश्वास एवं सेवा संकल्प अभियान से भी जोड़ा गया है। शिविरों में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं और सेवाओं से संबंधित सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

छह स्थानों पर सुबह 10 से शाम 6 बजे तक आयोजन
नगर निगम के अनुसार शिविर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होंगे। इसके लिए बस स्टैंड ऑडिटोरियम, स्वामी विवेकानंद सभागार, दुर्गा चौक, खिरहनी, टी.सी. बजाज, सुभाष चौक, माधवनगर उप कार्यालय, नगर निगम कार्यालय तथा खेरमाई मंदिर के पास लखेरा सहित निर्धारित स्थलों पर व्यवस्थाएं की गई हैं। शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।

इन योजनाओं और सेवाओं के लगेंगे काउंटर
शिविरों में पीएम स्वनिधि, संबल, सामाजिक न्याय पेंशन, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, नवीन नल कनेक्शन एवं जलकर, भवन अनुज्ञा, फायर एनओसी, नामांतरण एवं कर निर्धारण, ट्रेड लाइसेंस सहित अन्य सेवाओं के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों के पंजीयन और आवेदन की प्रक्रिया भी मौके पर पूरी की जाएगी।

अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
शिविरों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए नगर निगम आयुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर (आईएएस) ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे हैं। उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को प्रभारी अधिकारी तथा राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक को सहायक प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। प्रत्येक शिविर स्थल पर शिविर प्रभारी के रूप में उपयंत्री तथा सहायक प्रभारी के रूप में समयपाल की नियुक्ति की गई है।

इंटरनेट और जनरेटर सहित रहेंगी आवश्यक सुविधाएं
शिविर स्थलों पर स्टॉल, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, यूपीएस, विद्युत एवं जनरेटर बैकअप, पेयजल, पंखे-कूलर, प्रसाधन, स्वल्पाहार, साउंड एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी, बैकड्रॉप, होर्डिंग, बैनर और सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

रियल टाइम निगरानी, शाम 6 बजे तक होगी प्रविष्टियां
नगर निगम प्रशासन ने शिविर स्थलों पर साफ-सफाई, चूने से रेखांकन, कीटनाशक छिड़काव और अतिक्रमण हटाने सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। शिविरों की गतिविधियों की रियल टाइम निगरानी की जाएगी। साथ ही हितग्राहियों एवं उपलब्ध कराई गई सेवाओं से संबंधित प्रविष्टियां पोर्टल पर शाम 6 बजे तक अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएंगी।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 4 अक्टूबर को अपने निकटतम मेगा सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed