सीवर लाइन विस्तार के बीच झर्रा टिकुरिया मार्ग पर निगम ने संभाली मोर्चा, बारिश से बिगड़े रास्ते को लगातार बनाया जा रहा मोटरेबल कीचड़ और गड्ढों से नागरिकों को राहत देने मैदान में निगम का अमला, आवागमन सुचारू रखना बनी प्राथमिकता

0

सीवर लाइन विस्तार के बीच झर्रा टिकुरिया मार्ग पर निगम ने संभाली मोर्चा, बारिश से बिगड़े रास्ते को लगातार बनाया जा रहा मोटरेबल
कीचड़ और गड्ढों से नागरिकों को राहत देने मैदान में निगम का अमला, आवागमन सुचारू रखना बनी प्राथमिकता
कटनी।। झर्रा टिकुरिया से साउथ स्टेशन की ओर जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर सीवर लाइन विस्तार कार्य के चलते जहां सड़क की स्थिति प्रभावित हुई है, वहीं पिछले दो-तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने नागरिकों की परेशानी और बढ़ा दी है। मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ एवं गड्ढे बनने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगर पालिक निगम प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित मार्ग को लगातार मोटरेबल बनाए रखने के लिए सुधार कार्य तेज कर दिया है।


निगम के मैदानी अमले द्वारा मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जहां भी बारिश अथवा सीवर लाइन के कार्य के कारण सड़क पर गड्ढे अथवा कीचड़ की स्थिति बन रही है, वहां आवश्यकतानुसार समतलीकरण एवं सुधार कार्य कराया जा रहा है। निगम का प्रयास है कि निर्माण कार्य के चलते नागरिकों की रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित न हो और मार्ग को यथासंभव आवागमन योग्य बनाए रखा जाए।
सीवर लाइन विस्तार जैसे आवश्यक विकास कार्य के दौरान सड़क की सतह प्रभावित होना स्वाभाविक है, लेकिन बारिश ने इस चुनौती को और बढ़ा दिया है। लगातार नमी और पानी के कारण मार्ग पर मिट्टी एवं कीचड़ जमा होने से वाहन फिसलने तथा गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसे देखते हुए निगम द्वारा मौके पर आवश्यक सुधार कार्य लगातार कराया जा रहा है।
कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा ने बताया कि निगम का मैदानी अमला मार्ग की स्थिति का निरंतर जायजा ले रहा है। परिस्थितियों के अनुसार आवश्यकतानुसार समतलीकरण एवं अन्य सुधार कार्य कराया जा रहा है, ताकि नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो।

विकास कार्य के साथ सुविधा का भी ध्यान
सीवर लाइन का विस्तार शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। हालांकि ऐसे कार्यों के दौरान स्थानीय नागरिकों को अस्थायी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। निगम प्रशासन का कहना है कि विकास कार्य और नागरिक सुविधा के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रभावित मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। झर्रा टिकुरिया-साउथ स्टेशन मार्ग के साथ ही झिंझरी एवं नगर के अन्य प्रभावित मार्गों की स्थिति पर भी निगम द्वारा नजर रखी जा रही है। बारिश के दौरान जहां सड़क की स्थिति खराब होती है, वहां सुधार कार्य कर मार्ग को पुनः मोटरेबल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

नागरिकों को राहत देने लगातार जारी रहेगा कार्य
निगम प्रशासन के अनुसार मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। सीवर लाइन विस्तार कार्य अपनी गति से जारी रहेगा, साथ ही प्रभावित सड़कों पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक सुधार कार्य भी लगातार कराया जाएगा।
फिलहाल निगम की चुनौती दोहरी है,एक ओर शहर में जरूरी सीवर लाइन विस्तार कार्य को आगे बढ़ाना और दूसरी ओर बारिश के बीच प्रभावित मार्गों को नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाए रखना। ऐसे में आने वाले दिनों में मार्ग की स्थिति पर निगम की सक्रिय निगरानी और मोटरेबल कार्य नागरिकों की परेशानी कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed