भारतीय जनता पार्टी जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की पुण्यतिथि पर बलिदान दिवस का आयोजन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दिनांक 23 जून 2026।
भारतीय जनता पार्टी जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर शिक्षाविद् एवं अखंड भारत के प्रबल समर्थक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला भाजपा संगठन द्वारा “बलिदान दिवस” का आयोजन श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ किया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में लागू दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था का दृढ़ता से विरोध किया तथा देश की एकता एवं अखंडता के लिए संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति आज भी करोड़ों देशवासियों तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष जिला पदाधिकारीगण, समस्त मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री, जिला एवं मंडल स्तर के सभी मोर्चों के अध्यक्ष एवं महामंत्री, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. मुखर्जी जी के बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
जिला भाजपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का जीवन देशभक्ति, संगठन शक्ति और राष्ट्रसेवा का अद्वितीय उदाहरण है। उनके विचार आज भी भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली एवं सिद्धांतों का आधार हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्य, डॉ. मुखर्जी जी के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। जिला भाजपा संगठन ने सभी कार्यकर्ताओं से उनके जीवन संघर्ष, राष्ट्रवादी विचारधारा एवं बलिदान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
“एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।