छुट्टी के दिन कलेक्टर ने चौपाटी पहुंच टटोली स्वच्छता की नब्ज 

0
चौपाटी, विराट मंदिर सहित कन्या छात्रावास का किया निरीक्षण
रवीवार  लगभग दोपहर के 2 बजे थे,  कलेक्टर श्रीमती वंदना वैद्य अचानक बाणगंगा स्थित विराट मंदिर पहुंची, साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की नब्ज टटोली, इसके साथ ही कलेक्टर चौपाटी और कन्या छात्रावास भी गई, स्वच्छ भारत अभियान के तहत सरकार की मंशा के अनुरूप उन स्थलों को स्वच्छ रखने के निर्देश भी दिये।
(शुभम तिवारी-7879308359)
शहडोल। कलेक्टर श्रीमती वंदना वैद्य ने नगर के भ्रमण के दौरान स्थानीय चौपाटी परिसर के साफ-सफाई एवं स्वच्छता का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि चौपाटी में प्रात: एवं सायं दो बार साफ-सफाई करवाएं। इस दौरान कलेक्टर ने चौपाटी में लगने वाले चाट दुकानों के संचालकों से चर्चा की तथा उन्हें चौपाटी परिसर को साफ एवं स्वच्छ रखने हेतु समझाइश दी। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि सभी चाट दुकानों के संचालकों से कहा कि सभी अपने दुकानों के सामने डस्टबिन अवश्य रखें तथा जो भी कचरा होता है, उसे डस्टबिन में ही डालें जिससे परिसर साफ एवं स्वच्छ रहे।
जुर्माने की करें सख्त कार्यवाही
कलेक्टर ने सभी संचालकों से चर्चा करते हुए कहा कि आपके यहां जो भी ग्राहक आते हैं, उन्हें कोरोना अनुकूल व्यवहार का पालन करने की समझाइश दें तथा सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कुर्सी की बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे कोरोना संक्रमण से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि आप सभी लोगों को वैक्सीनेशन हेतु समझाइश देकर प्रेरित भी करें।     निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि कल तक अगर कोई भी चाट संचालक अपने दुकान के सामने डस्टबिन नहीं रखता है तो, उसके विरुद्ध जुर्माने की सख्त कार्यवाही करें तथा तथा साफ एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखें।
छात्रावास की देखी व्यवस्था  
कलेक्टर श्रीमती वंदना वैद्य ने महाविद्यालयीन आदिवासी कन्या छात्रावास शहडोल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास परिसर को साफ एवं स्वच्छ रखने के निर्देश देते हुए कहा कि परिसर में वृक्षारोपण करें तथा विभिन्न प्रकार के सुंदर फूल लगाएं, जिससे छात्रावास परिसर अच्छा एवं सुंदर दिखे। इस दौरान कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षक से छात्रावास में रह रहे छात्रों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए उनके भोजन, खेलकूद, शिक्षा इत्यादि की जानकारी ली। कलेक्टर ने रसोई घर में बन रहे भोजन का भी निरीक्षण किया तथा छात्रों को गुणवत्तायुक्त भोजन मुहैया कराने के निर्देश छात्रावास अधीक्षक को दिए। कलेक्टर ने छात्रावास में बेहतर साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए।
परेशानी होने पर मुझे अवगत करायें 
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में रह रहे छात्रों से छात्रावास की सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं से बात करते हुए पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या तो नहीं है तथा छात्रावास अधीक्षक एवं अन्य लोगों का व्यवहार कैसा है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि अपने परिवेश को साफ व स्वच्छ रखें तथा बदलते समय के साथ तकनीक का संयमित उपयोग करें, जिससे आपको अच्छी शिक्षा मिले और कुछ नया सीख पाए। कलेक्टर ने छात्राओं से कहा कि कोई भी बात अभिभावक व शिक्षकों से न छुपाएं तथा किसी के व्यवहार व आचरण से कोई परेशानी हो तो मुझे स्वयं एवं छात्रावास अधीक्षक को तत्काल अवगत कराएं।
डरना बिल्कुल नहीं 
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने डीपीसी एवं छात्रावास अधीक्षक को निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं से शालीनतापूर्ण व्यवहार करें तथा उन्हें शिक्षा अनुकूल माहौल प्रदान करें ताकि जीवन में कुछ बेहतर करने की दिशा में अग्रसर हों। छात्राओं से उनकी रुचि के बारे में पूछते हुए कहा की आपको आत्मविश्वास होना चाहिए कि आप अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं, डरना बिल्कुल नहीं है, जिला प्रशासन भी आपके सहयोग व मार्गदर्शन के लिए हमेशा मौजूद है।
असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती वैद्य ने नगर भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक विराट मंदिर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों से विराट मंदिर के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कलेक्टर ने विराट मंदिर परिसर का भ्रमण किया तथा परिसर में बेहतर साफ-सफाई एवं स्वच्छता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर को विराट मंदिर के पुजारी द्वारा अवगत कराया गया कि रात के समय नगर के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा विराट मंदिर परिसर में आकर शोर-शराबा तथा अन्य अमानक गतिविधियां की जाती है। जिस पर कलेक्टर ने विराट मंदिर में असामाजिक तत्वों का प्रवेश वर्जित करने के निर्देश दिए तथा विराट मंदिर के आसपास पुलिस व्यवस्था रखने के निर्देश पुलिस विभाग के अधिकारियों को देते हुए कहा कि अगर विराट मंदिर परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा ऐसा कोई कृत्य किया जाता है तो उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही करें।
बगीचे की मुखिया ने की सराहना 
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विराट मंदिर परिसर के बगीचे की सराहना की तथा कहा कि बगीचे में अलग-अलग प्रकार के फूल लगाए जाएं, जिससे विराट मंदिर परिसर और ज्यादा सुंदर दिखे। कलेक्टर ने विराट मंदिर के बगल में रखे गए पत्थरों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह पत्थर सही एवं सुरक्षित स्थान पर रखी जाएं, जिससे पत्थरों का उचित उपयोग हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!