पेंड्रा-सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान : राकेश जालान

0

सरकारी पारा विद्यालय में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने किया साइकिल वितरण, विद्यालय का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

 

पेण्ड्रा। सरकारी पारा विद्यालय, पेण्ड्रा में आज सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिलों का वितरण गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जालान ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

 

अपने संबोधन में श्री जालान ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इससे दूर-दराज़ से आने वाली छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, समय की बचत होगी तथा उनकी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रहेगी। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के पश्चात श्री जालान ने विद्यालय का निरीक्षण किया तथा विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं आवश्यक विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।

 

नगर पालिका अध्यक्ष श्री राकेश जालान ने कहा,

“एक शिक्षित बेटी पूरे परिवार और समाज को आगे बढ़ाने की क्षमता रखती है। हमारी प्राथमिकता है कि क्षेत्र की प्रत्येक बेटी बिना किसी कठिनाई के शिक्षा प्राप्त करे। नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सहयोग और विद्यालयों के विकास के लिए सदैव तत्पर रहेगी। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।”

 

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष श्री शरद गुप्ता, वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद श्रीमती सुनीता राठौर, विद्यालय की प्राचार्य जैन मैडम, अंसारी सर, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!