कैमोर और कटनी में जनकल्याण शिविर आयोजित, विकास कार्यों की समीक्षा एवं हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ विकास कार्यों को मिली स्वीकृति, जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं के लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर

0

कैमोर और कटनी में जनकल्याण शिविर आयोजित, विकास कार्यों की समीक्षा एवं हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
विकास कार्यों को मिली स्वीकृति, जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं के लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर
कटनी। जिले में जनकल्याण और सुशासन को केंद्र में रखते हुए कैमोर नगर परिषद एवं नगर निगम कटनी में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा विकास कार्यों को गति देने संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

कैमोर में जनकल्याण शिविर एवं विकास समीक्षा बैठक

नगर परिषद कैमोर द्वारा मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत जीरो वेस्ट थीम पर जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्री वीडी शर्मा एवं विजयराघवगढ़ विधायक श्री संजय सत्येन्द्र पाठक उपस्थित रहे। शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। शिविर के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में नगर के विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों एवं परिषद अधिकारियों के साथ बैठक में संचालित कार्यों की गुणवत्ता की सराहना की गई तथा आगामी निर्माण कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने नगर के समग्र विकास के लिए 32 निर्माण कार्यों हेतु लगभग 5.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पलक नमित ग्रोवर, उपाध्यक्ष संतोष केवट, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते, स्वच्छता निरीक्षक पी.आर. सिंह, उपयंत्री हिमांशु गौतम सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

नगर निगम में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ
नगर निगम कार्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। शिविर में नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। सांसद ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और अंतिम व्यक्ति तक सेवाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शिविर तक पहुंचाने की अपील की। विभिन्न योजनाओं के स्टॉल और हितलाभ वितरण
शिविर में पीएम स्ट्रीट वेंडर योजना, मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, समग्र आईडी, राशन कार्ड, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना, भवन अनुज्ञा, भवन नामांतरण, ट्रेड लाइसेंस एवं स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ वितरित किए गए। पीएम स्वनिधि योजना, संबल योजना एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं कार्ड प्रदान किए गए। अंत में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा नागरिकों से योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed