कटनी में ट्रेनों के ठहराव को लेकर सांसद विवेक तनखा ने रेल मंत्री को लिखा पत्र राजस्व वृद्धि और यात्रियों की सुविधा का दिया हवाला, समाजसेवी दिव्यांशु मिश्रा ने जताया आभार
कटनी में ट्रेनों के ठहराव को लेकर सांसद विवेक तनखा ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
राजस्व वृद्धि और यात्रियों की सुविधा का दिया हवाला, समाजसेवी दिव्यांशु मिश्रा ने जताया आभार
कटनी। कटनी जंक्शन पर लंबे समय से विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग को अब नया बल मिला है। राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक कृष्ण तनखा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कटनी स्टेशन पर कई प्रमुख ट्रेनों के ठहराव एवं रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई है।
सांसद श्री तनखा ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि मध्यप्रदेश का कटनी नगर देश के प्रमुख औद्योगिक, खनन एवं व्यापारिक केंद्रों में शामिल होने के साथ भारतीय रेल का एक महत्वपूर्ण जंक्शन भी है। प्रतिदिन हजारों यात्री यहां से विभिन्न राज्यों की यात्रा करते हैं, ऐसे में लंबे समय से नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों के कटनी में ठहराव की मांग की जा रही है।
सांसद द्वारा रेल मंत्री को भेजे गए पत्र में निम्न ट्रेनों के कटनी जंक्शन पर ठहराव की मांग की गई है—
गाड़ी क्रमांक 12141/12142 राजेंद्र नगर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस
गाड़ी क्रमांक 11055/11056 एलटीटी–गोरखपुर गोदान एक्सप्रेस
गाड़ी क्रमांक 11059/11060 एलटीटी–छपरा एक्सप्रेस
गाड़ी क्रमांक 11053/11054 एलटीटी–आजमगढ़ एक्सप्रेस
गाड़ी क्रमांक 12293/12294 एलटीटी–प्रयागराज दुरंतो एक्सप्रेस
गाड़ी क्रमांक 22111/22112 अमृत भारत अयोध्या एक्सप्रेस
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में कटनी क्षेत्र में कटनी मुड़वारा एवं कटनी साउथ स्टेशन के विकसित होने से मुख्य जंक्शन पर दबाव पूर्व की तुलना में कम हुआ है। ऐसे में इन ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ रेलवे के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
सांसद श्री तनखा ने महाराष्ट्र के पुणे क्षेत्र के लिए रेल सुविधा बढ़ाने की आवश्यकता भी जताई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कटनी से पुणे के लिए सीमित विकल्प उपलब्ध हैं तथा 12149/12150 पुणे–पटना एक्सप्रेस में लगातार भारी भीड़ एवं आरक्षण की समस्या बनी रहती है। इसके विकल्प के रूप में 11201/11202 शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस को पुणे तक विस्तारित करने का सुझाव भी पत्र में दिया गया है।
जानकारी के अनुसार यह विषय पूर्व में भी उठाया जा चुका है और संबंधित प्रस्ताव रेल मंत्रालय तक भेजे जाने की जानकारी दी गई थी। सांसद श्री तनखा ने इस विषय को राज्यसभा के माध्यम से भी प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिलाया है। इस पहल पर समाजसेवी दिव्यांशु मिश्रा (अंशु) ने सांसद विवेक तनखा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कटनी एवं आसपास के जिलों के यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।