जोहिला में दबिश रेत माफियाओं में हड़कंप ईटीपी में हेराफेरी पकड़ाई , 3 वाहन जब्त
जोहिला में दबिश रेत माफियाओं में हड़कंप ईटीपी में हेराफेरी पकड़ाई , 3 वाहन जब्त
कटनी।। जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब आर-पार की लड़ाई का संकेत देते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे दो डंपर और एक हाइवा वाहन को जब्त किया गया है। जांच में वाहनों द्वारा ई-ट्रांजिट पास (ईटीपी) में दर्ज मात्रा से अधिक रेत परिवहन किए जाने का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के बाद खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित के नेतृत्व में बीती रात चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई। खनिज अमले ने वाहनों के ईटीपी और वास्तविक खनिज भार का मिलान किया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि वाहनों में लदी रेत की मात्रा दस्तावेजों में दर्ज मात्रा से कहीं अधिक थी, जिससे राजस्व चोरी और अवैध परिवहन की पुष्टि हुई।

जोहिला में दबिश, एनकेजे थाने पहुंचाए गए वाहन
खनिज विभाग ने ग्राम जोहिला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए हाइवा क्रमांक सीजी-04-पीबी-6082 तथा डंपर क्रमांक एमपी-21-जी-0686 और एमपी-21-एच-0720 को जब्त किया। तीनों वाहनों को पुलिस थाना एनकेजे की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
कलेक्टर न्यायालय में होगी सुनवाई
जब्त वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। सभी मामलों को आगे की सुनवाई एवं दंडात्मक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन, ओवरलोडिंग और शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में भी खनिज माफियाओं के खिलाफ व्यापक स्तर पर जांच और दबिश अभियान चलाए जाएंगे।