रिलायंस सीबीएम ने मृतात्मा से करवा दिया शपथ पत्र

0

मौत के 18 साल बाद मृतिका से लिखा-पढ़ी कर खरीदी जमीन

कमिश्नर सहित पुलिस अधीक्षक व अन्य तक पहुंची शिकायत

मामले से पल्लाझाड़ रहे प्रोजेक्ट के तथाकथित जिम्मेदार

 

शहडोल। जिले के सोहागपुर और बुढ़ार विकास खण्ड अंतर्गत मिथेन व अन्य गैसों के लिए प्रोजेक्ट लगाने वाली रिलायंस सीबीएम कंपनी के कारिंदो द्वारा भू-अधिग्रहण के दौरान किये गये अजब-गजब कारनामें सामने आ रहे हैं। लालपुर अंतर्गत ग्राम सेमरा में रहने वाले गोपाल नामदेव ने संभागायुक्त राजीव शर्मा तथा पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार गोस्वामी को 10 जून को सौंपी गई शिकायत में आरोप लगाये हैं कि उसके रिश्तेदार रामनारायण नामदेव तथा रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट के आशीष मिश्रा व आशीष श्रीवास्तव तथा अन्य ने उनकी पुस्तैनी भूमि धोखे से अधिग्रहित कर ली और 18 वर्ष पूर्व 25 जून 1997 को कालकवलित हुई रमवतिया नामदेव के फर्जी हस्ताक्षर कर जमीन अधिग्रहित कर ली गई और इसका मुआवजा खुर्द-बुर्द कर लिया गया।
सौंपा मृत्यु प्रमाण पत्र व शपथ पत्र
गोपाल नामदेव ने शिकायत के साथ वरिष्ठ अधिकारियों को मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रमाणित प्रति तथा 18 वर्षाे बाद जमीन की खरीद-फरोख्त के दौरान शपथ पत्र में हुए हस्ताक्षर की प्रति भी सौंपी है, ग्रामीण ने आरोप लगाये हैं कि उनके रिश्तेदारों तथा कंपनी के तत् समय कार्यरत कर्मचारियों ने मिलकर कूटरचना व धोखाधड़ी की है, यही नहीं शपथ पत्र में मृत महिला के हस्ताक्षर इस बात की भी पुष्टि करते हैं कि बुढ़ार स्थित नोटरी कर्ता ने भी इन लोगों के साथ मिलकर रूपयों के फेर में हस्ताक्षर के फेर में मृत महिला के जीवित होने की पुष्टि तक नहीं की।
यह लिखा शिकायत में
ग्रामीण ने पुलिस के साथ ही कमिश्नर व उपायुक्त (राजस्व) को इस मामले में दी गई शिकायत में यह उल्लेख किया कि ग्राम सेमरा तहसील बुढ़ार के खसरा क्रमांक 427, भू-स्वामी गोपाल पिता स्व. राम प्रमोद नामदेव वगैरा की भूमि का अंश भाग रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट द्वारा अधिग्रहण किया गया है, अधिग्रहित भूमि का मुआवजा उन्हें न देकर किसी अन्य को दे दिया गया है। जबकि हलका पटवारी के पंचनामा और शासकीय दस्तावेजों में आवेदक का नाम स्पष्ट उल्लेख है, इस संदर्भ में 4 दिसम्बर 2020 को भी शिकायत दी गई थी पर कार्यवाही नहीं हुई।
62 हजार 852 का गबन
शिकायतकर्ता गोपाल नामदेव ने बताया कि कंपनी के कारिंदों के साथ रामनारायण पिता स्व. रामजियावन नामदेव ने मिलकर फर्जी सहमति, शपथ पत्र, मृत सहखातेदार के हस्ताक्षर तथा अन्य सहखातेदारों के फर्जी हस्ताक्षर कर दिये। जिसमें रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट द्वारा 62 हजार 852 रूपये की राशि का प्राप्त भुगतान भी हड़प लिया गया। शिकायत के साथ आवेदक ने तमाम दस्तावेज भी संलग्न करते हुए आपराधिक मामला कायम करने व न्याय दिलाने की मांग की है।
इनका कहना है…
मैंने कई बार थाने सहित राजस्व कार्यालयों में शिकायत दी है, पर अभी तक कोई कार्यवाही होती नहीं दिख रही है, पुलिस अधीक्षक व कमिश्नर को मैनें दोबारा पत्र देकर न्याय मांगा है।
गोपाल नामदेव
शिकायतकर्ता
****
इस संदर्भ में आप वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करें, हमारे पास बड़ी संख्या में दस्तावेज आते थे, हर किसी की पुष्टि करना संभव नहीं है।
अशीष मिश्रा
रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट
****
शिकायत के बारे में जानकारी हुई है, हमनें गोपाल नामदेव से चर्चा की है, इस मामले में उसके रिश्तेदारों ने उसके साथ धोखाधड़ी की है, कंपनी काश्तकार के साथ खड़ी है, मामला जल्द ही सुलझ जायेगा।
विजित झा
रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!