राष्ट्रीय एकता दिवस पर कटनी में दौड़ी ‘रन फॉर यूनिटी’, 5 किलोमीटर मैराथन में युवाओं ने दिखाया दमखम एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, पांच वर्गों के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
राष्ट्रीय एकता दिवस पर कटनी में दौड़ी ‘रन फॉर यूनिटी’, 5 किलोमीटर मैराथन में युवाओं ने दिखाया दमखम
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, पांच वर्गों के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
कटनी।। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को कटनी पुलिस एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 5 किलोमीटर मैराथन ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू हुई मैराथन माधवनगर गेट एवं विश्राम बाबा होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। आयोजन में पुलिसकर्मियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
मैराथन के विभिन्न वर्गों में खेल विभाग से दिलराज, स्कूल बालक वर्ग से साहिल चक्रवर्ती, स्कूल बालिका वर्ग से स्वप्निल पाल, पुलिस पुरुष वर्ग से राहुल कोल तथा पुलिस महिला वर्ग से साक्षी लोधी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आंतरिक सुरक्षा एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य सहित पुलिस एवं खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।