सेवा मेरा योगदान अभियान में बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर जोर बाल देखरेख संस्थाओं में स्वास्थ्य परीक्षण, प्रेरणादायक सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पौधारोपण का आयोजन

0

सेवा मेरा योगदान अभियान में बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
बाल देखरेख संस्थाओं में स्वास्थ्य परीक्षण, प्रेरणादायक सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पौधारोपण का आयोजन
कटनी। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत जिले की बाल देखरेख संस्थाओं में बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विविध गतिविधियां आयोजित की गईं। कलेक्टर आशीष तिवारी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, आत्मनिर्भर बनने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया।

चार संस्थाओं के बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
मिशन वात्सल्य एवं किशोर न्याय अधिनियम के तहत संचालित आशा किरण बाल गृह, आसरा बाल गृह, लिटिल स्टार बालिका गृह और किलकारी विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी में निवासरत बच्चों का जिला चिकित्सालय कटनी के चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बच्चों के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण विषय पर परिचर्चा भी हुई। चिकित्सकों ने पौष्टिक आहार, स्वस्थ दिनचर्या, योग और नियमित व्यायाम के महत्व की जानकारी दी।

चित्रकला व सांस्कृतिक गतिविधियों में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
अभियान के तहत बच्चों के लिए प्रेरणादायक सत्र आयोजित किए गए। इनमें उन्हें आत्मनिर्भर बनने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अब्दुल गफ्फार ने बालिका गृह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा ‘स्वच्छता ही सेवा’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को उपहार देकर सम्मानित किया।
सहायक संचालक वनश्री कुर्वेती एवं बाल संरक्षण अधिकारी मनीष तिवारी ने आसरा बाल गृह एवं किलकारी शिशु गृह पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें उपहार वितरित किए।

पौधारोपण के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सभी बाल गृहों में बच्चों एवं अधिकारियों द्वारा पौधारोपण किया गया। पौधे लगाने के माध्यम से बच्चों को प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। बालिका गृह में पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें सही उत्तर देने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रमों के दौरान बाल देखरेख संस्थाओं के अधीक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से बच्चों में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed