पंडित शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस।।
शहडोल। पंडित शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय, शहडोल में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. रामशंकर ने दोनों परिसर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात वंदेमातरम् एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ और उपस्थित विश्वविद्यालय परिवार ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. रामशंकर ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि एक महान जिम्मेदारी भी है। आज के युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। शिक्षा, संस्कार, नवाचार और राष्ट्रसेवा के माध्यम से युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। और उन्हें गढ़ने की भूमिका हम सबको निभानी है उन्हें संवेदनशील, जिम्मेदार और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक के रूप में तैयार करना भी है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विभिन्न प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना का संचार किया। विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आशीष तिवारी, प्रो. प्रवीण शर्मा ,प्रो महेंद्र भटनागर , प्रो. गीता सराफ सहित शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की व्यवस्था एवं संचालन डॉ आदर्श तिवारी ,अरुण उपाध्याय,डॉ बृजेन्द्र पांडे ने किया ।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण, संविधान के मूल्यों की रक्षा तथा भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
“स्वतंत्रता के अमर बलिदानों को नमन, राष्ट्र निर्माण के संकल्प को प्रणाम।”