जगत जननी मां शेरांवाली एवं श्री राम दरबार का वार्षिक उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न

0

जगत जननी मां शेरांवाली एवं श्री राम दरबार का वार्षिक उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न
कटनी।। श्री सनातन धर्म पंजाबी मंडल, माधव नगर कटनी के तत्वावधान में जगत जननी मां शेरांवाली एवं श्री राम दरबार का दो दिवसीय वार्षिक धार्मिक उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। आयोजन संस्था के मार्गदर्शक चमन लाल आनंद, धर्मपाल खुराना, विनय कोहली, वीरेंद्र मैनी, डॉ. जय चड्ढा, दीपक भल्ला एवं गुरुचरण जग्गी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।


कार्यक्रम के प्रथम दिन मां शेरांवाली, भगवान श्रीराम दरबार, भगवान भोलेनाथ एवं मां काली की सजीव झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु जय माता दी और भगवान श्रीराम की जय के जयघोष करते हुए नगर भ्रमण पर निकले। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं प्रसाद वितरण कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान संगत ने बाबा माधव शाह गुरुद्वारा में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर पहुंचने के बाद स्वल्पाहार के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ।
इसके पश्चात श्री संकट मोचन रामायण मंडली, विश्राम बाबा कटनी द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन के साथ अखंड रामायण पाठ प्रारंभ किया गया। अगले दिन हवन-पूजन, महाआरती एवं महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
उत्सव के दूसरे चरण में माधव नगर के विभिन्न गुरुद्वारों एवं मंदिरों में लंगर प्रसाद भेजा गया। कन्याओं एवं ब्राह्मणों को भोजन कराने के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
रात्रि में माता रानी का 36वां विशाल भगवती जागरण एकता जागरण मंडल, कटनी द्वारा आयोजित किया गया। जागरण में भजन गायक राजेश ग्रोवर, संजू नाकरा, जबलपुर के नयन कपूर तथा प्रयागराज की पूजा केसरवानी ने मां भगवती की मनमोहक भेंटों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां की पावन ज्योति प्रज्ज्वलित कर भगवान श्रीगणेश वंदना से हुआ। मुख्य अतिथि पलक नमित ग्रोवर (अध्यक्ष, नगर परिषद कैमोर) सहित ग्रोवर परिवार के सदस्यों ने माता रानी को चुनरी अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
पूरी रात चली भक्ति संध्या में सुंदर झांकियों एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अगले दिन प्रातः तारारानी जी की कथा एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में रोमेश खुराना, पवन खत्री, जसपाल अरोरा, राजेश धाम, वागीश आनंद, दिनेश खुराना, मुकेश राजपूत, विकास नाकरा, दर्शन वर्मा, धीरज जग्गी, राजेश खानेचा, वासुदेव दुल्हानी, गुलशन वर्मा, जोगेंद्र अरोरा, संजय खूबचंदानी, महेश होतवानी, अमृत पसरीजा, हरीश गांधी, सन्नी खुराना, लक्की डोडानी, शिवम आनंद, स्पर्श पसरीजा सहित अनेक समाजसेवियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर पंजाबी महिला मंडल, मां आदिशक्ति मंदिर समिति समदड़िया कॉलोनी, हरे माधव परमार्थ सेवा समिति, श्री झूलेलाल सेवा मंडल, श्री गौरीशंकर मंदिर सेवा समिति, मेन बाजार माधव नगर व्यापारी संघ तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। नगर निगम प्रशासन एवं कर्मचारियों का भी आयोजन में सराहनीय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!