शहर की जल निकासी व्यवस्था को लेकर महापौर ने बस स्टैंड व शिवाजी नगर नालों का किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने व सफाई के दिए निर्देश

0

शहर की जल निकासी व्यवस्था को लेकर महापौर ने बस स्टैंड व शिवाजी नगर नालों का किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने व सफाई के दिए निर्देश
कटनी।। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और वर्षा के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शुक्रवार को बस स्टैंड एवं शिवाजी नगर क्षेत्र स्थित नालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश “बल्ली” सोनी, एमआईसी सदस्य तथा नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नालों की वर्तमान स्थिति, अधूरे निर्माण कार्य, सफाई व्यवस्था और पानी के बहाव की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। बस स्टैंड क्षेत्र में निरीक्षण के समय यह पाया गया कि नाले का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया गया है तथा लंबे समय से नियमित सफाई न होने और अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो रही है। इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने, सफाई अभियान चलाने और नाले के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
वहीं शिवाजी नगर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने महापौर को बताया कि नाले में असमान निर्माण (अप-डाउन लेवल) होने के कारण पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है, जिससे बरसात के दिनों में जलभराव की स्थिति निर्मित होती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही तत्काल की जा सके।
महापौर ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जल निकासी व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना नगर निगम की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed