जनहित, प्रशासनिक सक्रियता और विकास के संदेश के साथ राजस्व वसूली में तेजी के लिए निगमायुक्त की सख्त लेकिन प्रेरक पहल, बेहतर प्रदर्शन करने वालों का हुआ सम्मान

0

जनहित, प्रशासनिक सक्रियता और विकास के संदेश के साथ राजस्व वसूली में तेजी के लिए निगमायुक्त की सख्त लेकिन प्रेरक पहल, बेहतर प्रदर्शन करने वालों का हुआ सम्मान
कटनी।। नगर विकास को गति देने और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में तपस्या परिहार के नेतृत्व में नगर निगम प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति हेतु आयोजित समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने वसूली कार्य की प्रगति का विस्तार से मूल्यांकन करते हुए अमले को और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने शेष बचे 41 दिनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए स्पष्ट किया कि दैनिक वसूली में निरंतर वृद्धि, बकायादारों से नियमित संवाद तथा डोर-टू-डोर संपर्क के माध्यम से लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त किया जाए। उन्होंने ऑनलाइन भुगतान माध्यमों एवं पी.ओ.एस मशीनों के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया, जिससे नागरिकों को कर भुगतान में सुविधा मिल सके।
बैठक में उपायुक्त शैलेष गुप्ता, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक सहित राजस्व एवं जलप्रदाय शाखा के कर्मचारी उपस्थित रहे।
बेहतर प्रदर्शन करने वालों का हुआ उत्साहवर्धन
समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने विगत वर्ष की तुलना में बेहतर वसूली करने वाले 10 कर्मचारियों की खुले मंच से सराहना करते हुए उन्हें प्रशंसा पत्र प्रदान करने के निर्देश दिए। यह कदम न केवल कर्मियों का मनोबल बढ़ाने वाला रहा, बल्कि पूरे अमले के लिए प्रेरणास्रोत भी बना। वहीं अपेक्षित प्रगति नहीं कर पाने वाले कर्मचारियों को सुधार का अवसर देते हुए एक सप्ताह में वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जिससे कार्यसंस्कृति में अनुशासन और जिम्मेदारी सुनिश्चित हो सके।
बड़े बकायेदारों पर सख्त कार्यवाही के संकेत
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि नोटिस एवं अनुस्मारक के बावजूद कर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली सीधे तौर पर शहर के विकास, स्वच्छता, सड़क, जलप्रदाय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
नगर निगम प्रशासन ने कटनी के नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अपने बकाया करों का भुगतान कर प्रशासन का सहयोग करें और शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित व विकसित बनाने में सहभागी बनें। नगर निगम की यह पहल न केवल वित्तीय सुदृढ़ता की दिशा में अहम कदम है, बल्कि एक जिम्मेदार, संवेदनशील और परिणामोन्मुखी प्रशासन का भी स्पष्ट संदेश देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed